भिवंडी में एटीएम तोड़कर 26 लाख कैश चुराने वाला गिरोह राजस्थान से गिरफ्तार

Bhiwandi Crime
Published on
Updated on

भिवंडी: भिवंडी ग्रामीण क्षेत्र पूर्णा स्थित एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के एटीएम (ATM) को गैस कटर से काटकर नकदी (Cash) चोरी करने वाले गिरोह के पांच लोगों को भिवंडी क्राइम ब्रांच (Bhiwandi crime Branch) की टीम ने राजस्थान से गिरफ्तार (Arrested from Rajasthan) कर बड़ी कामयाबी हासिल की है।

मिली जानकारी के अनुसार, नारपोली पुलिस स्टेशन क्षेत्र के पूर्णा गावं में एचडीएफसी बैंक का एटीएम है। रात करीब दो बजे अज्ञात चोरों ने एटीएम काट कर उसमें से 26 लाख 4 हजार 500 रुपए नकद चुरा कर फरार हो गये थे। इस मामले की रिपोर्ट नारपोली पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी। नारपोली पुलिस के साथ-साथ भिवंडी क्राइम ब्रांच की टीम भी इस मामले की जांच और चोरों के गिरोह की तलाश कर रही थी।

पुलिस ने किया पांच आरोपियों को गिरफ्तार

भिवंडी अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन गायकवाड के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक धनराज केदार,  राम सिंह चव्हाण, रवींद्र पाटिल, हवलदार सुनील सालुंखे, मंगेश शिर्के, साबिर शेख, रंगनाथ पाटिल, भास्कर शिंदे,  सचिन जाधव, भावेश घरात, प्रशांत बर्वे, जितेंद्र पाटिल, रोशन जाधव,  माया डोंगरे, श्रेया खताल की टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर चोरी के प्रकरण में प्रयोग की गई 10 लीटर क्षमता की ऑक्सीजन सिलेंडर से एटीएम मशीन काटने वाले मुख्य आरोपी शराफत अजमत खान (27) कैथवाड़ा को भरतपुर, राजस्थान से गिरफ्तार कर भिवंडी लाया गया। पूरी पूछताछ के बाद, इलियास यूनुस खान (52), गुलाम इलियास खान (27), शोएब इलियास खान (27), सभी निवासी मुंब्रा रेलवे स्टेशन के पास, मुंब्रा, ठाणे और तौफीक रफीक अंसारी (24) को मुंब्रा से गिरफ्तार कर चोरी में प्रयोग की गई सुजुकी एक्सेस स्कूटी MH04-KY-3528 और हीरो होंडा पैशन मोटर साइकिल MH14 CA-1753 नंबरों के दो वाहनों को जब्त कर लिया है। सभी पांचों आरोपियों को भिवंडी अपराध शाखा द्वारा नारपोली पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। पुलिस को आशा है कि गिरफ्तार शातिर चोरों से चोरी के अन्य मामलों का खुलासा हो सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com