डोंबिवली में बनेगा अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खिलाड़ियों को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण

Tahne News: डोंबिवली के संत सावलाराम महाराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 180 करोड़ की लागत से पुनर्विकास होगा। दो चरणों में बनने वाले इस परिसर में ओलंपिक स्तर की खेल सुविधाएं खिलाड़ियों को उपलब्ध होंगी।
Spotrs Complex
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Dombivli Sports Complex Redevelopment: ठाणे जिले के डोंबिवली के खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। शहर स्थित संत सावलाराम महाराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पुनर्विकास का कार्य शीघ्र शुरू होने जा रहा है। लगभग 180 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अत्याधुनिक खेल परिसर में विश्वस्तरीय स्वीमिंग पूल, इनडोर स्टेडियम और अलग-अलग खेल की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना से ठाणे जिले के हजारों खिलाड़ियों को सीधा लाभ मिलेगा। इस परियोजना को साकार करने में कल्याण के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे की अहम भूमिका रही है। सांसद के प्रयासों से ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उद्योग मंत्री उदय सामंत के सहयोग से इस परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति और निधि मिली है।

दो चरणों में होगा निर्माण

करीब 25 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनने वाले इस बहुमंजिला खेल परिसर का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा, पहले चरण में एक अत्याधुनिक इनडोर खेल परिसर, 1250 वर्ग मीटर क्षमता वाला ओलंपिक स्तर का स्वीमिंग पूल, 400 वर्ग मीटर का डाइविंग पूल व प्लेटफॉर्म, तथा 16 हजार वर्ग मीटर की पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। दूसरे चरण में एक भव्य स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है। यह संपूर्ण परियोजना महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (MIDC) के कोष से पूरी की जाएगी, जबकि निर्माण के बाद परिसर के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका को सौंपी जाएगी।

पूरे जिले के लिए बनेगा खेलों का हब

डोंबिवली शहर के मध्य स्थित इस खेल परिसर में पहले से ही जिले भर से खिलाड़ी अभ्यास के लिए आते हैं। सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे की पहल पर इसे आधुनिक स्वरूप देने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया था, जिसे सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।

इससे पहले भी उनके प्रयासों से अंबरनाथ, उल्हासनगर, कलत्रा, मुंब्रा, दिवा और डोंबिवली में कई खेल परियोजनाओं को गति मिल चुकी है, जिनमें शूटिंग रेंज, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और ओलंपिक स्तर के स्विमिंग पूल शामिल हैं। स्थानीय खेल संगठनों और खिलाड़ियों ने इस परियोजना को ठाणे जिले के खेल भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।

स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगी विश्वस्तरीय ट्रेनिंग सुविधा

नए इनडीर स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में योग, व्यायामशाला, बैडमिटन, टेबल टेनिस, कराटे, मार्शल आर्ट, जूडो स्क्वैश, स्नूकर, शूटिंग रेंज और जिम्नास्टिक जैसी खेल गतिविधियों के लिए अत्याधुनिक सुविधान उपलब्ध होगी, इसके अलावा आवास एवं गेस्ट हाउस, भव्य बैंक्वेट हॉल, आधुनिक फिजियोथेरेपी केंद्र और बहुउद्देश्यीय हॉल भी बनाए जाएंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com