ठाणे में छठ महाआरती में शामिल हुए डिप्टी CM एकनाथ शिंदे, बोले- प्रकृति के प्रति आभार का पर्व है छठ पूजा

Eknath Shinde Chhath Puja Thane: ठाणे के रायलादेवी तालाब पर एकनाथ शिंदे ने छठी मैया की महाआरती की। उन्होंने छठ पूजा को सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए किसानों के साथ खड़े रहने का आह्वान किया।
Thane Railadevi Talav Chhath Puja
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदेसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • ठाणे के रायलादेवी तालाब परिसर में छठ पूजा महोत्सव आयोजित किया गया।

  • उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने छठी मैया की पूजा और महाआरती में हिस्सा लिया।

  • शिंदे ने छठ को भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।

  • किसानों की मदद के लिए राजनीति से ऊपर उठकर सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

Thane Railadevi Talav Chhath Puja: छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उगते और डूबते सूर्य की उपासना करने वाला यह पर्व हमें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।

अपनी संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। राज्य के प्रत्येक समाज के त्योहारों और उत्सवों में सहभागी होकर उनकी खुशियों को बढ़ाना मेरा हमेशा प्रयास रहा है। यह बात महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कही।

छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना

ठाणे के रायलादेवी तालाब परिसर में आयोजित छठ पूजा महोत्सव में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना की और महाआरती में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने छठी मैया से सभी नागरिकों और उनके परिवारों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

एकनाथ शिंदे ने छठ पूजा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस पर्व की विशेषता यह है कि इसमें उगते सूर्य के साथ डूबते सूर्य की भी आराधना की जाती है। सूर्य समस्त जीव-जगत का आधार है और उसकी उपासना के माध्यम से प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है।

महिलाएं पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव से यह कठिन व्रत करती हैं। परिवार की सुख-समृद्धि, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और समाज के कल्याण की कामना से किया जाने वाला यह व्रत भारतीय संस्कृति की अनूठी परंपरा है।

भाषाओं, धर्मों और संस्कृतियों का संगम

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विभिन्न भाषाओं, धर्मों और संस्कृतियों का संगम है। यहां प्रत्येक समाज के त्योहार सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में सभी को सहयोग करना चाहिए, ताकि आपसी भाईचारा और सद्भाव और अधिक मजबूत हो।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद कोरोना काल के प्रतिबंधों को धीरे-धीरे हटाकर सभी त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को अनुमति देने के फैसले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी, दहीहांडी और नवरात्रि सहित सभी उत्सवों को उत्साह से मनाने की सरकार की भूमिका रही है।

Thane Railadevi Talav Chhath Puja
ठाणे में बुलेट ट्रेन स्टेशन के आसपास 478 हेक्टेयर क्षेत्र का होगा विकास, मेट्रो और जलमार्ग से जुड़ेगा स्टेशन

ठाणे में पर्यावरणपूरक छठ पूजा के लिए अच्छी व्यवस्था

छठ पूजा जैसी परंपराओं को भी सरकार हमेशा प्रोत्साहित करती रही है। ठाणे में पर्यावरणपूरक छठ पूजा के लिए मनपा ने अच्छी व्यवस्था की है। इस दौरान उन्होंने राज्य के किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि किसान आज विभिन्न संकटों का सामना कर रहे हैं।

ऐसे समय में सभी को एकजुट होकर उनके साथ खड़ा होना चाहिए। सरकार पूरी ताकत से किसानों के साथ है और समाज के प्रत्येक वर्ग को भी सहायता के लिए आगे आना चाहिए। संकट के समय राजनीति से ऊपर उठकर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी निभाना जरूरी है।

Thane Railadevi Talav Chhath Puja
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुणे में अजित पवार की अर्ध-प्रतिमा का अनावरण किया

उपमुख्यमंत्री शिंदे के साथ पदाधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ सांसद नरेश म्हस्के, शिवसेना सचिव एवं वरिष्ठ नगरसेवक राम रेपाले, विकास रेपाले, मनोज शिंदे, एकनाथ भोईर, योगेश जानकर, छठ पूजा के आयोजक एवं शिवसेना उत्तरभारतीय आघाड़ी के जिला अध्यक्ष शशि यादव,आयोजक कुलदीप तिवारी, सहित शिवसेना के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। डिप्टी सीएम शिंदे ने आयोजन में योगदान देने वाले सभी आयोजकों और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।