

नवी मुंबई : विगत कुछ सप्ताह से खारघर (Kharghar), कलंबोली (Kalamboli), पनवेल (Panvel), करंजाडे (Karanjade) और तलोजा नोड्स (Taloja Nodes) में रहने वाले नागरिकों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा हैं, जिसे दूर करने के लिए सिडको के एमडी द्वारा विशेष ध्यान देकर इस समस्या को दूर करने की कवायद शुरू की गई है। जिसके तहत अब सिडको द्वारा अवैध नल कनेक्शन पर पैनी नजर रखी जाएगी।
सिडको के नोड्स में पानी की समस्या को देखते हुए सिडको के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक डॉ. संजय मुखर्जी के मार्गदर्शन में सिडको के संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा नवी मुंबई महानगरपालिका, पनवेल महानगरपालिका, एमआईडीसी और महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें उक्त सभी प्राधकरणों के सहयोग से सिडको नोड्स में जलापूर्ति करने की सुव्यवस्थित योजना बनाई है।
गौरतलब है कि सिडको नोड्स में नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार 50 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जा रही थी, लेकिन वास्तव में 43 एमएलडी पानी की आपूर्ति हो रही थी। जिसके चलते सिडको नोड्स में पानी की समस्या पैदा हो गई थी। खारघर के अधिकांश क्षेत्रों में संतुलित हुई जलापूर्ति सिडको के संबंधित विभाग के अनुसार बैठक के बाद नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा अब 50 एमएलडी पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। जिसके चलते खारघर नोड्स के तहत आने वाले अधिकांश क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति अब संतुलित हो गई है। पानी की समस्या को दूर करने के लिए खारघर के सेक्टर-18 में 20 लाख लीटर पानी का भंडारण करने की क्षमता वाली टंकी (ईएसआर) का युद्ध स्तर पर निर्माण कराया जा रहा है, जो आगामी 8 दिनों में शुरू हो जाएगी।
गौरतलब है कि उलवे नोड में भी पानी की समस्या को दूर करने के लिए सिडको द्वारा कमर कसी गई है, जिसके तहत यहां के सेक्टर-16 और 17 में जल वाहिनी बिछाने का काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। यह काम आगामी 8 दिन में पूरा होगा, ऐसी उम्मीद सिडको को है। वहीं तलोजा नोड में पानी का संकट दूर करने के लिए सिडको द्वारा भूमिगत पानी की टंकी (जीएसआर) का निर्माण कराया जा रहा है। यह टंकी 2 में तैयार हो जाएगी, जिसके बाद तलोजा नोड में पानी की आपूर्ति करने वाले टैंकरों की संख्या बढ़ाने की तैयारी सिडको द्वारा की गई है।
पानी की समस्या से निपटने के लिए अब सिडको के नोड्स में हेटवणे जलाशय से जलापूर्ति करने वाली जलवाहिनी की निगरानी करने की योजना बनाई गई है। वहीं खारघर के पास के गांवों का सर्वे कर के जलापूर्ति की स्थिति पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उक्त नोड में पानी की चोरी और पानी की बर्बादी को रोकने के लिए अब रात में सिडको के अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया जाएगा। जबकि कलंबोली, पनवेल और करंजाडे के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए सिडको द्वारा टाटा पावर कंपनी को पत्र भेजा जाएगा।