भिवंडी में हाइड्रोजन क्लोराइड गैस रिसाव से मचा हड़कंप, फायर ब्रिगेड ने बचाया बड़ा हादसा

Thane News: ठाणे के भिवंडी में गोदाम से हाइड्रोजन क्लोराइड गैस का रिसाव हुआ। अग्निशमन दल की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। समय पर वाल्व बंद करने से स्थिति नियंत्रण में रही, कोई हताहत नहीं।
Hydrogen Chloride Gas Leak
हाइड्रोजन क्लोराइड गैस सिलेंडर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bhiwandi Hydrogen Chloride Gas Leak News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी नगर में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। अधिकारियों ने बताया कि मानकोली के दापोडी गांव स्थित एक गोदाम में हाइड्रोजन क्लोराइड गैस सिलेंडर से लीक होने लगी थी। अग्निशमन कर्मियों की समय पर कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रण से बाहर जाने से बचा लिया गया।

भिवंडी निजामपुर शहर नगर पालिका (BNCMC) के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख साकिब खरबे ने इस घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना मानकोली के दापोडी गांव में स्थित 'हरिहर कॉर्पोरेशन कॉम्प्लेक्स' के भूतल पर वी एक्सप्रेस हाउस नामक एक गोदाम में हुई।

5 में से एक सिलेंडर में हुआ रिसाव

साकिब खरबे ने बताया कि गोदाम में गुजरात की एक कंपनी के स्वामित्व वाले हाइड्रोजन क्लोराइड गैस के पांच सिलेंडर रखे हुए थे। जांच के दौरान यह पाया गया कि उनमें से एक सिलेंडर में गैस रिसाव शुरू हो गया था।

रिसाव की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल हरकत में आई। अग्निशमन विभाग की एक टीम पूर्वाह्न 11 बजकर 10 मिनट पर घटनास्थल पर पहुंची। कर्मचारियों ने समय की नजाकत को समझते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। उन्होंने गैस लीक हो रहे सिलेंडर के वाल्व को बंद कर दिया, जिससे गैस का रिसाव तुरंत रुक गया।

स्थिति नियंत्रण में

अधिकारियों ने बताया कि यह पूरा अभियान दोपहर 11:50 बजे तक पूरा हो गया। इस त्वरित हस्तक्षेप का सबसे महत्वपूर्ण परिणाम यह रहा कि आस-पास के प्रतिष्ठानों के लिए कोई खतरा पैदा होने से पहले ही स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।

साकिब खरबे ने पुष्टि की कि समय पर कार्रवाई के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अग्निशमन कर्मियों की सजगता और त्वरित कार्रवाई से भिवंडी क्षेत्र में एक बड़ा औद्योगिक खतरा टल गया।

(एजेंसी नइपुट के साथ)