

Satara Road Accident: पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब कोल्हापुर से जेजुरी जा रही एक टेम्पो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे सातारा तालुका के म्हसवे गांव की सीमा में डीमार्ट के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार टेम्पो ट्रैवलर के चालक का वाहन पर नियंत्रण खो गया, जिसके चलते वाहन सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय वाहन में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।
दुर्घटना में स्नेहल उत्तम कांबले और एकनाथ बापू कांबले की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय नागरिकों तथा बचाव दल की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही शिवेंद्रसिंहराजे रेस्क्यू टीम के कार्यकर्ता की मदद से घायलों को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए भेजा गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम भी मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद यातायात बहाल किया गया। हालांकि सुबह के समय कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। सातारा तहसील पुलिस थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।