

Raigad Tamhini Ghat Jeep Accident: महाराष्ट्र के रायगड जिले में ताम्हिनी घाट पर गुरुवार सुबह एक भयानक दुर्घटना सामने आई है। पुणे-मानगांव हाइवे पर एक अनियंत्रित जीप 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
रायगड जिले में पुणे-मानगांव हाइवे पर स्थित ताम्हिनी घाट पर यह भीषण हादसा सामने आया है। मानगांव पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर निवृत्ति बोराडे ने गुरुवार को इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि एक जीप अनियंत्रित हो गई और सीधे 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
इस हादसे की सही वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। हालांकि, पहली नजर में यह माना जा रहा है कि जीप ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया होगा जिसके चलते वह खाई में जा गिरी। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में चार लोगों की लाशें मिली हैं जिन्हें ऊपर लाने का काम जारी है।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि यह पर्यटक समूह मंगलवार को कोंकण घूमने के लिए गया था। बुधवार तक जब इन पर्यटकों से कोई संपर्क नहीं हो सका, तो इन लोगों ने मानगांव पुलिस स्टेशन में इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बुधवार को ही ताम्हिनी घाट पर छानबीन शुरू कर दी थी।
हालांकि, रात में अंधेरा होने के कारण छानबीन रोक दी गई थी। गुरुवार की सुबह फिर से शुरू की गई छानबीन में पुलिस टीम को कुचली हुई जीप और चार लोगों के शव मिले। पुलिस इंस्पेक्टर निवृत्ति बोराडे ने यह भी बताया कि इस रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय नागरिकों की भी मदद ली जा रही है।
फिलहाल रेस्क्यू टीम रस्सियों, क्रेन और अन्य इक्विपमेंट (उपकरणों) की मदद से इस जटिल रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दे रही है। इन चारों शवों और टूटी-फूटी गाड़ी के बचे हुए हिस्से को खाई से निकालने का प्रयास जारी है।
हादसे में अभी भी दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं गाड़ी में लापता बताए जा रहे लोगों के अलावा और भी यात्री मौजूद तो नहीं थे। इस दुखद घटना में मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।