

Rahul Gandhi on MPSC Protest: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को महाराष्ट्र में प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकारें पेपर लीक, रुकी हुई भर्तियां और शिक्षा की बढ़ती लागत जैसे मुद्दों को सुलझाने में असफल रही हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों का भरोसा सिस्टम में उठ गया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि, महाराष्ट्र में, हजारों छाक्ष सड़कों पर हैं, शांति से प्रदर्शन कर रहे हैं। वजह केवल एक परीक्षा या भर्ती नहीं है, बल्कि एक भरोसा है जिसे पूरे सिस्टम ने तोड़ दिया है। चाहे वह केंद्र सरकार हो या राज्य सरकार, हर छात्र बीजेपी राज से परेशान है। पेपर लीक, रुकी हुई भर्तियां, शिक्षा का बहुत ज्यादा खर्च, हॉस्टल में अमानवीय हालात, जहर जैसा खाना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) में फ्रॉड और अब, उन्होंने एमपीएससी जैसी संवैधानिक निकाय पर नियंत्रण कर लिया है और उसकी साख खत्म कर दी है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि, छात्रों की उनके सफल भविष्य के लिए हर मांग जायज है। सरकार को उनकी आवाज सुननी चाहिए और तुरंत एक्शन लेना चाहिए- नहीं तो, छात्रों की यह आवाज तब तक और तेज होती जाएगी जब तक इंसाफ नहीं मिल जाता। राहुल गांधी का यह बयान महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) इंस्पेक्टर परीक्षा के प्रश्न पत्र के कथित लीक मामले में मुंबई पुलिस की जांच के बीच आई है।
महाराष्ट्र के छह मंडल मुख्यालयों पर ड्रग इंस्पेक्टर के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा 22 मार्च को ऑफलाइन हुई थी, और इसका रिजल्ट 12 जून को घोषित किया गया था। इंटरव्यू पूरे होने के बाद कमीशन ने 488 उम्मीदवारों की एक प्रोविजनल जनरल मेरिट लिस्ट जारी की थी। जिसमें पोस्ट के लिए 485 योग्य और तीन अयोग्य उम्मीदवार शामिल थे। हालांकि, 22 जुलाई से 26 जुलाई के बीच कमीशन को उम्मीदवारों और जन प्रतिनिधि से ईमेल के जरिए शिकायतें मिलीं, जिसमें 22 मार्च की स्क्रीनिंग परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया था।
शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि कुछ उम्मीदवारों को परीक्षा से पहले, 20 मार्च को प्रश्न पत्र या सवाल मिले थे, और बाद में उन्हें सोशल मीडिया या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम सर्कुलेट किया गया था।
मंगलवार को आरोपी रुतुजा पाटिल को क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल ने नंदुरबार से हिरासत में लिया। 26 अगस्त को क्राइम ब्रांच ने MPSC ड्रग इंस्पेक्टर (ग्रुप-B) परीक्षा से जुड़ी गोपनीयता भंग करने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया। यह मामला महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा (गलत कामों की रोकथाम) एक्ट, 2024, और प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट, 1988 के तहत दर्ज किया गया है।