

Rohit Pawar Attacks Modi Govt News: हाल ही में ईरान द्वारा भारत की ओर आ रहे दो जहाजों को जब्त किए जाने और भारतीय जहाजों पर गोलीबारी की घटनाओं ने देश के भीतर राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने इस मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया (X) पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए कहा कि जिन देशों के साथ भारत के सदियों पुराने व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं, आज वे ही हमारे खिलाफ खड़े हो रहे हैं।
रोहित पवार ने सरकार की विदेश नीति का विश्लेषण करते हुए कहा कि आजादी के बाद से भारत ने हमेशा 'गुटनिरपेक्षता' (Non-alignment) की नीति अपनाई थी, जिससे दुनिया भर में हमारा सम्मान था। लेकिन पिछले 10-12 वर्षों में भारत का झुकाव तेजी से अमेरिका की ओर बढ़ा है। पवार के अनुसार, इस झुकाव से भारत को कोई लाभ नहीं हुआ, बल्कि राष्ट्र को केवल आर्थिक नुकसान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 'अपमान' झेलना पड़ रहा है।उन्होंने आगे लिखा कि इस 'एकतरफा' नीति का खामियाजा देश की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है, जिससे भारत में गैस की कमी जैसी विकराल समस्याएं पैदा हो रही हैं।
रोहित पवार ने अपने ट्वीट में सत्ता पक्ष के समर्थकों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिना दिमाग वाली भक्त मंडली सरकार के हर फैसले को अपनी भाषा में 'मास्टर स्ट्रोक' कहती है। अब शायद ईरान द्वारा हमारे जहाजों को जब्त किए जाने को भी ये लोग मास्टर स्ट्रोक ही बताएंगे।
रोहित पवार ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सरकार की दिशाहीन विदेश नीति के कारण आज ईरान तो दूर, भारत के अपने किसी भी पड़ोसी देश के साथ मधुर संबंध नहीं बचे हैं। उन्होंने इसे देश की सुरक्षा और भविष्य के लिए एक 'खतरनाक संकेत' बताया।