

Sanjay Raut Attack On BJP: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पुणे दौरे को लेकर महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है। राहुल गांधी आज पुणे में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत युवाओं से संवाद करने पहुंच गए हैं। इस आयोजन को लेकर पुणे पुलिस द्वारा लगाई गई सख्त पाबंदियों पर महाविकास अघाड़ी ने तीखा रुख अख्तियार कर लिया है।
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सरकार राहुल गांधी और छात्रों की एकजुटता से डरी हुई है। राउत ने मीडिया से बात करते हुए पुणे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
संयज राउत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि राहुल गांधी कोई आम नेता नहीं हैं, वे देश के प्रतिष्ठित नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। उनके कार्यक्रम के लिए पुलिस ने 30 से ज्यादा शर्तें थोप दी हैं। लोकतंत्र में विपक्ष के नेता के साथ ऐसा बर्ताव बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
शिवसेना (यूबीटी) नेता राउत ने सत्तापक्ष पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए पूछा कि जब प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री या भाजपा के अन्य बड़े नेता पुणे आते हैं, तो क्या प्रशासन उन पर भी ऐसी ही पाबंदियां लगाता है? विपक्ष के लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने की कोशिश की जा रही है।
पुणे के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए संजय राउत ने कहा कि ये वो भूमि है जिसने देश की आजादी की चिंगारी को हवा दी थी। आज यहीं से छात्रों की जो आवाज उठेगी, वह पूरे देश में गूंजेगी और इसी बदलाव से भाजपा भयभीत है।
बता दें कि राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम आज शाम 4:30 बजे से रात 9:30 बजे तक आरटीओ चौक के पास एसएसपीएमएस कॉलेज ग्राउंड में होगी, जहां हजारों छात्र और छात्राएं राहुल गांधी से सीधा संवाद करेंगे।
छात्रों की गूंज अभियान की शुरुआत राहुल गांधी ने 17 जून को राजस्थान के कोटा से की थी। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सवाल उठाना है। जैसे, राष्ट्रीय स्तर पर पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के मामले, सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और छात्रों की सुरक्षा। कोटा के बाद देहरादून और प्रयागराज होते हुए यह कारवां आज पुणे पहुंचा है, जिस पर राजनीतिक रार चरम पर है।