पुणे रन फॉर यूनिटी 2026 में जुटेंगे 40 हजार से ज्यादा लोग, 1 नवंबर को होगा आयोजन; 5 श्रेणियों में होंगी दौड़

Pune Run For Unity 2026: पुणे में 1 नवंबर 2026 को रन फॉर यूनिटी आयोजित होगी। 40 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। दौड़ में पांच श्रेणियां और 10 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार होंगे।
Pune Run For Unity 2026 Registration Date Race Categories And Prizes
आयोजन के मुख्य संयोजक मुरलीधर मोहोल व अन्य(फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • पुणे में 1 नवंबर को राष्ट्रीय एकता दौड़ होगी, जिसमें 40 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

  • 3 से 21 किमी तक की पांच श्रेणियों में दौड़ आयोजित होगी।

  • प्रतियोगिताओं में 10 लाख रुपये से अधिक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

Run For Unity In Pune Registration Date: सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में पुणे में रविवार, 1 नवंबर 2026 को ‘पुणे रन फॉर यूनिटी 2026’ यानी राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन किया जाएगा।

इस वर्ष इसमें 40 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। अब तक 20 हजार से अधिक लोग पंजीकरण करा चुके हैं। यह जानकारी केंद्रीय नागर विमानन एवं सहकारिता राज्यमंत्री और आयोजन के मुख्य संयोजक मुरलीधर मोहोल ने दी।

मोहोल ने बताया कि राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के साथ ही नागरिकों में शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने पुणेकरों से परिवार सहित बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की।

पिछले साल 25 हजार लोगों ने लिया था हिस्सा

पिछले वर्ष ‘पुणे रन फॉर यूनिटी 2025’ में 25 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया था। इनमें 10 हजार से अधिक प्रतिस्पर्धी धावकों ने 10 किलोमीटर दौड़ और हाफ मैराथन में हिस्सा लिया था।

केन्या और इथियोपिया सहित विभिन्न देशों के अंतरराष्ट्रीय धावकों की भागीदारी से प्रतियोगिता को विशेष पहचान मिली थी। इस वर्ष पेशेवर धावकों के अलावा विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों, कॉर्पोरेट कर्मचारियों और परिवारों की भागीदारी अपेक्षित है।

पांच श्रेणियों में होंगी दौड़ प्रतियोगिताएं

आयोजन में 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 मील प्रतिस्पर्धी दौड़, 10 किलोमीटर प्रतिस्पर्धी दौड़, 5 किलोमीटर फन रन और 3 किलोमीटर फैमिली एवं बिगिनर रन शामिल हैं। विभिन्न श्रेणियों में पात्र महिला और पुरुष धावकों को कुल 10 लाख रुपये से अधिक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

Pune Run For Unity 2026 Registration Date Race Categories And Prizes
5 घंटे में मुंबई से लातूर! 5 बड़े एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा 450 किमी का यह हाईवे, MSRDC ने तैयार किया DPR

‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ पर जोर

पुणे शहर में हो रहे इस वर्ष दौड़ की प्रमुख संकल्पना ‘नशामुक्त युवा - विकसित भारत 2026’ है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, खेल और व्यायाम अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की भावना विकसित करना है।

Pune Run For Unity 2026 Registration Date Race Categories And Prizes
चार दिन बुखार से तपता रहा 11 साल का आदिवासी छात्र, ठाणे के स्कूल में मौत; परिजनों ने शव लेने से किया इनकार

मोहोल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का राष्ट्रीय एकता के लिए योगदान सभी के लिए प्रेरणादायी है। उनके जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित यह दौड़ केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने वाला जनभागीदारी का अभियान है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्पों को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूती देना भी इसका उद्देश्य है। सरदार पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। इसी अवसर की भावना को आगे बढ़ाते हुए पुणे में यह दौड़ आयोजित की जा रही है।

पंजीकरण के लिए वेबसाइट: www.runbuddies.club/puneunityrun

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com