

Pune News In Hindi: मनपा चुनाव की आचार संहिता किसी भी समय घोषित होने की संभावना है। इसे देखते हुए, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सोमवार, 15 दिसंबर यानी सोमवार को पुणे में विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य चुनाव से ठीक पहले मतदाताओं के बीच पैठ बनाना और विकास कार्यों में तेजी लाना है। बता दें कि मनपा में मार्च 2022 से प्रशासक राज है, क्योंकि पुणे मनपा सदन का कार्यकाल 14 मार्च 2022 को समाप्त हो गया था, जिसके बाद से चुनाव लंबित हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने 31 जनवरी 2026 तक सभी स्थानीय स्वशासन निकायों के चुनाव कराने का आदेश दिया है। विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद चुनाव की घोषणा हो सकती है।
इसी कारण, उद्घाटन समारोह को भव्य कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जा रहा है, ताकि शहर के मध्य भाग और उपनगरों की परियोजनाओं का एक साथ अनावरण हो सके।
समारोह में भारतरत्न अटलबिहारी वाजपैवी वैद्यकीय महाविद्यालय की। ए' और 'बी विंग, खराड़ी और बाणेर स्थित अग्निशमन केंद्रों का उद्घाटन, विभिन्न सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, आपदा प्रबंधन के लिए एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, साइकिल प्रतियोगिता के लिए विकसित 75 किलोमीटर की सड़कें, समान जल आपूर्ति योजना के तहत पूर्ण हो चुके 40 जोन और नगर रास्ता क्षेत्रीय कार्यालय की इमारत का उद्घाटन शामिल है।