पुणेकरों को आज मिलेगी 13,500 करोड़ रुपये की सौगात, PM मोदी करेंगे हिंजवड़ी-शिवाजीनगर मेट्रो का ऑनलाइन लोकार्पण

Pune Metro Phase: पुणे मेट्रो के दूसरे चरण का आगाज: पीएम नरेंद्र मोदी ₹13,500 करोड़ की वनाज-चांदनी चौक और रामवाड़ी-वाघोली विस्तार परियोजनाओं का करेंगे ऑनलाइन भूमिपूजन।
Pune Metro to see major expansion with two projects worth ₹13,500 crore
पुणे मेट्रोफोटो सोर्स-X
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • हिंजवड़ी-शिवाजीनगर 23 किमी मेट्रो मार्ग का लोकार्पण, दो नए विस्तार प्रोजेक्ट का भूमिपूजन।

  • वनाज-चांदनी चौक और रामवाड़ी-वाघोली विस्तार पर ₹13,500 करोड़ खर्च होंगे; 13 स्टेशन बनेंगे।

  • निगड़ी और कात्रज तक भी मेट्रो नेटवर्क का विस्तार, यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी।

Pune Metro Phase 2 Extension PM Narendra Modi: पुणे शहर के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को विस्तार देने की दिशा में मंगलवार अहम दिन साबित होने वाला है। हिंजवड़ी-शिवाजीनगर के बीच 23 किलोमीटर लंबे मेट्रो मार्ग का लोकार्पण होगा, वहीं पुणे मेट्रो के दूसरे चरण की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन किया जाएगा।

वनाज से चांदनी चौक और रामवाड़ी से वाघोली तक मेट्रो विस्तार की इन दोनों परियोजनाओं पर करीब 13,500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन माध्यम से इन परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे। इन विस्तार परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मेट्रो कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

महामेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रवण हर्डीकर ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बालेवाड़ी स्थित बैडमिंटन कोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में मेट्रो लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। इससे पुणे के साथ पिंपरी-चिंचवड़ और आसपास के क्षेत्रों की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

रोजाना ढाई से पौने तीन लाख यात्री कर रहे सफर

हर्डीकर के अनुसार, पुणे मेट्रो के पहले चरण में वनाज-रामवाड़ी और पिंपरी-चिंचवड़-स्वारगेट की कुल 31.28 किलोमीटर लंबी दोनों लाइनें संचालित हैं। सितंबर में मेट्रो के दैनिक यात्रियों की संख्या तीन लाख के पार पहुंच गई थी।

फिलहाल रोजाना औसतन ढाई से पौने तीन लाख यात्री मेट्रो से सफर कर रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नेटवर्क विस्तार की जरूरत और बढ़ गई है।

हड़पसर से एयरपोर्ट और कोंढवा तक विस्तार की तैयारी

हड़पसर-लोणी कालभोर और हड़पसर-सासवड रोड मेट्रो मार्गों का प्रस्ताव केंद्र सरकार की मंजूरी की प्रक्रिया में है। रामवाड़ी से पुणे हवाई अड्डे तक करीब तीन किलोमीटर का मेट्रो संपर्क मार्ग बनाने की भी योजना है। जिला न्यायालय स्टेशन से कैंप, कोंढवा, येवलेवाड़ी और एनआईबीएम रोड तक विस्तार के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है।

इसके अलावा वाकड-कात्रज-शेवालेवाड़ी कॉरिडोर के जरिए शहर की अलग-अलग मेट्रो लाइनों को जोड़ने तथा भविष्य में नेटवर्क को प्रस्तावित पुरंदर हवाई अड्डे तक पहुंचाने की योजना है। हिंजवड़ी-शिवाजीनगर मेट्रो शुरू होने के बाद महामेट्रो और पीएमआरडीए की सेवाओं के बीच जिला न्यायालय स्टेशन पर यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी।

Pune Metro to see major expansion with two projects worth ₹13,500 crore
गोकुल दूध संघ अध्यक्ष चुनाव पहुंचा हाईकोर्ट: 10 नवंबर को बुलाई विशेष सभा, 25 संचालकों को नोटिस जारी

13 स्टेशन और 12.75 किमी का विस्तार

दूसरे चरण में वनाज-चांदनी चौक और रामवाड़ी वाघोली मेट्रो मार्गों का विस्तार किया जाएगा। दोनों परियोजनाओं की कुल लंबाई करीब 12।75 किलोमीटर होगी और इन पर 13 स्टेशन बनाए जाएंगे। अगले साढ़े चार वर्षों में काम पूरा करने का लक्ष्य है।

परियोजना की लागत में केंद्र और राज्य सरकार की 20-20 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी होगी, जबकि शेष राशि अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं से ऋण के रूप में जुटाई जाएगी।

इसके लिए एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के साथ प्रक्रिया चल रही है। रामवाड़ी-वाघोली मार्ग पर एमएसआरडीसी के साथ मिलकर दोहरी मंजिल वाला पुल बनाया जाएगा। शुरुआती 4।8 किलोमीटर हिस्से में दोनों स्तरों का निर्माण महामेट्रो करेगी। आगे का काम दोनों संस्थाएं समन्वय से करेंगी।

Pune Metro to see major expansion with two projects worth ₹13,500 crore
महाराष्ट्र में ST कर्मचारियों का वेतन अटका: सरकार ने दिए कम फंड, श्रीरंग बरगे ने कार्रवाई की उठाई मांग

निगड़ी और कात्रज तक भी बढ़ रहा नेटवर्क

पिंपरी-चिंचवड़ से निगड़ी के भक्तिशक्ति चौक तक 4.41 किलोमीटर मेट्रो विस्तार का करीब 58 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस मार्ग पर 4 स्टेशन होंगे और जून 2027 तक सेवा शुरू करने का प्रयास है। वहीं, स्वारगेट से कात्रज तक करीब 6 किमी भूमिगत मार्ग बनाया जा रहा है। इस पर प्रस्तावित स्टेशनों की संख्या 3 से बढ़ाकर 5 की गई है। जनवरी 2027 में सुरंग की खुदाई शुरू करने की योजना है। इस मार्ग को 2030 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।