पुणे में बम धमकी से मचा हड़कंप, मनपा मुख्यालय और आरएसएस कार्यालय की चार घंटे तक तलाशी

Pune Bomb Threat Email PMC: पुणे महानगर पालिका, विधान भवन और आरएसएस कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। पुलिस ने साइबर जांच शुरू कर दी है।
Pune Bomb Threat Email PMC News
पुणे महानगरपालिका (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pune Bomb Threat Email PMC News: पुणे महानगर पालिका मुख्यालय, महापौर कार्यालय, विधान भवन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार सुबह पूरे शहर में हड़कंप मच गया।

एक अज्ञात ई-मेल के जरिए मिली इस गंभीर धमकी के बाद प्रशासन और पुलिस तंत्र तुरंत हरकत में आ गया। एहतियात के तौर पर मनपा मुख्यालय को खाली करा लिया गया और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

बम निरोधक दस्ता, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने करीब चार घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच के बाद इस धमकी को पूरी तरह अफवाह करार दिया गया, जिससे प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली। मनपा प्रशासन के अनुसार, यह धमकी भरा ई-मेल सुबह 8 बजकर 21 मिनट पर महापौर कार्यालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर प्राप्त हुआ था।

महापौर कार्यालय के आईडी पर अज्ञात लोगों ने भेजा धमकी भरा मेल

इसमें दावा किया गया था कि 10 जून से 30 सितंबर के बीच पुणे मनपा, विधान भवन तथा नागपुर स्थित आरएसएस मुख्यालय समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर सिलसिलेवार बम विस्फोट किए जाएंगे। यह ई-मेल कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ पूर्व महापौर और नगरसेवक प्रशांत जगताप को भी भेजा गया था। सुबह लगभग 10 बजकर 15 मिनट पर कर्मचारियों की नजर जब इस ई-मेल पर पड़ी तो तुरंत शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन को इसकी सूचना दी गई।

सभी कर्मियों और नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

सूचना मिलते ही पुलिस, बम खोजक एवं नाशक दस्ता (बीडीडीएस), अग्निशमन विभाग और मनपा की सुरक्षा टीमें मौके पर पहुंच गई। मनपा आयुक्त के निर्देश पर मुख्य भवन में मौजूद सभी कर्मचारियों और नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पूरे परिसर को पूरी तरह खाली करा दिया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने 10 बजकर 54 मिनट से जांच शुरू की और दोपहर लगभग 1 बजकर 15 मिनट तक पूरे भवन की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान महापौर कार्यालय सहित सभी महत्वपूर्ण कक्षों, गलियारों और परिसर की गहन जांच की गई।

पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया

ई-मेल में केवल पुणे मनपा ही नहीं, बल्कि मोती बाग स्थित आरएसएस कार्यालय और काउंसिल हॉल जैसी जगहों का भी उल्लेख था, जिसके चलते पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया। इन सभी स्थानों पर भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच के दौरान शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारियों, सहायक निरीक्षकों और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ आरसीपी की विशेष टीम भी तैनात रहीं।

अज्ञात व्यक्ति की पहचान करके साइबर जांच शुरू

करीब चार घंटे की व्यापक जांच के बाद जब किसी भी प्रकार का खतरा नहीं पाया गया, तो दोपहर बाद मनपा का सामान्य कामकाज फिर से शुरू कर दिया गया। इस बीच पुलिस ने ई-मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने के लिए साइबर जांच शुरू कर दी है और उसका आईपी एड्रेस ट्रेस किया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि माहौल बिगाड़ने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com