Pune Fraud News: पासवर्ड अपडेट करते ही खाली हो गया बैंक अकाउंट, देहूगांव में साइबर ठगी का मामला

Bank App Fraud Case: पिंपरी के देहूगांव में बैंक एप्लीकेशन का पासवर्ड अपडेट करने के दौरान एक युवक से 6 लाख 9 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
Cyber Fraud
साइबर ठगी (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Cyber Fraud In Pimpri Chinchwad: पिंपरी-चिंचवड़ के देहूगांव इलाके में साइबर ठगों ने बैंक एप्लीकेशन का पासवर्ड अपडेट करने के बहाने एक युवक को 6 लाख 9 हजार रुपये का चूना लगा दिया। यह घटना 7 दिसंबर की सुबह अभिलाषा पार्क परिसर में हुई।

इस मामले में श्रीराम रावसाहेब गीते (32), निवासी परंडवाल चौक, देहूगांव ने देहूरोड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केनरा बैंक और एनएसडीएल पेमेंट बैंक से जुड़े विभिन्न अज्ञात खाताधारकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

ऐप पर पासवर्ड डालते ही लॉगआउट हुआ मोबाइल

पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक अपने मोबाइल फोन पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र का ‘महा मोबाइल प्लस’ एप्लीकेशन इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान ऐप पर नया पासवर्ड अपडेट करने का नोटिफिकेशन दिखाई दिया। जैसे ही पीड़ित ने पासवर्ड डाला, वह ऐप से अपने आप लॉग आउट हो गया।

लगातार आने लगे ट्रांजैक्शन मैसेज

लॉगआउट होने के कुछ ही देर बाद पीड़ित के मोबाइल पर अलग-अलग कंपनियों के ट्रांजैक्शन मैसेज आने लगे। संदेह होने पर जब युवक ने अपने बैंक खाते की जांच की, तो पता चला कि खाते से कुल 6 लाख 9 हजार रुपये की निकासी हो चुकी है।

अज्ञात खातों में ट्रांसफर हुई रकम

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ठगी की गई रकम विभिन्न अज्ञात बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। पुलिस अब इन खातों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ तकनीकी जांच कर रही है।

पुलिस की अपील और सावधानी

देहूरोड पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बैंक ऐप या लिंक पर आए पासवर्ड अपडेट नोटिफिकेशन को बिना सत्यापन के न खोलें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत बैंक और पुलिस को जानकारी दें, ताकि समय रहते नुकसान रोका जा सके।