विकास के लिए ‘रिजर्व फंड’ का दांव: पिंपरी-चिंचवड़ मनपा का 9,322 करोड़ का रोडमैप, ऐतिहासिक वित्तीय प्रावधान

Pimpri Chinchwad Budget 2026 News: पिंपरी-चिंचवड़ मनपा ने 9,322 करोड़ का बजट पेश किया। विकास कार्यों के लिए 5,690 करोड़ की FD के उपयोग का प्रस्ताव और नगरसेवकों के लिए विशेष निधि की घोषणा की गई है।
PCMC unveils a 9,322 Cr budget for 2026-27. Highlights include utilizing FD for infra projects, special funds for corporators, and no hike in property tax.
पिंपरी-चिंचवड़ विकास (सौ.सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

 Maharashtra PM Awas Yojana News: औद्योगिक नगरी पिपरी-चिंचवड़ के सर्वांगीण विकास को नई ऊंचाइयां देने के उद्देश्य से महानगर पालिका ने वर्ष 2026-27 के लिए 9,322.17 करोड़ रुपये का विशालकाय बजट पेश किया है। इस बजट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि प्रशासन ने शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समय सीमा में पूरा करने के लिए अपनी सावधि जमा (फिक्स्ड डिपॉजिट) के उपयोग करने का साहसिक और रणनीतिक निर्णय लिया है।

स्थायी समिति के अध्यक्ष अभिषेक बारणे ने स्पष्ट किया है कि धन की कमी को विकास के आड़े नहीं आने दिया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर मनपा अपनी संचित पूंजी का उपयोग करने से भी पीछे नहीं हटेगी। बैंकों में सुरक्षित 5,690 करोड़ की जमा राशि: वर्तमान में मनपा के पास विभिन्न बैंकों में लगभग 5,690 करोड़ रुपये की जमा राशि सुरक्षित है।

इसमें से करीब 1,455 करोड़ रुपये की सामान्य जमा पूंजी ऐसी है, जिसका उपयोग विशेष परिस्थितियों में बुनियादी ढांचे के बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए किया जा सकता है। हालांकि, प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि एफडी से धन निकालने का अंतिम निर्णय सभी राजनीतिक दलों के नगरसेवकों के साथ गहन विचार-विमर्श और सर्वसम्मति के बाद ही लिया जाएगा। मनपा केवल नियमित आय पर निर्भर रहने के बजाय उपलब्ध संसाधनों के अधिकतम उपयोग की दिशा में आगे बढ़ रही है।

400 करोड़ रुपये के 250 नए उप सुझाव शामिल

तत्कालीन आयुक्त श्रवण हर्डीकर ने 28 फरवरी को मूल बजट प्रस्तुत किया था। स्थायी समिति ने इसमें व्यापक फेरबदल किए हैं। समिति ने लगभग 400 करोड़ रुपये के 250 नए उप-सुझावों को शामिल किया है, जिससे पिपरी-चिंचवड़  बजट का कुल आकार बढ़कर 9,322.17 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस भारी भरकम राशि में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अनुदान भी सम्मिलित हैं। वित्तीय नियोजन में पवना पाइपलाइन, नदी सुधार परियोजना, पार्किंग व्यवस्था का प्रबंधन, फेरीवाला जोन का सुदृढ़ीकरण और महिलाओं के कौशल विकास जैसे दूरगामी और जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता दी गई है।

'नगरसेवक निधि' की नई संकल्पना

बजट में पहली बार 'नगरसेवक निधि' की सकल्पना की गई है। शहर के सभी 32 प्रभागों के प्रत्येक नगरसेवक को उनके स्थानीय क्षेत्रों में छोटे-बड़े तत्काल विकास कार्यों के लिए 10-10 लाख रुपये का विशेष फंड आवंटित किया जाएगा। नगर नियोजन और बुनियादी ढांचे के लिए 1,200 करोड़, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य आवास परियोजनाओं के लिए 1,953 करोड़, जल आपूर्ति के तहत भामा आसखेड और आंद्रा बांध परियोजनाओं के लिए 750 करोड़ तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। आगामी 24 मार्च को विशेष जनरल बॉडी (महासभा) बुलाई गई है, जिसमें शहर के भविष्य का रोडमैप तय होगा।

बजट 2026-27: मुख्य आंकड़े

  • कुल बजट प्रावधान: 9,322.17 करोड़
  • नगर नियोजनः बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 1,200 करोड़ से अधिक का आवंटन
  • शहरी गरीब आवासः प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य आवास परियोजनाओं के लिए 1,953 करोड़
  • जल आपूर्तिः भामा आसखेड और आंद्रा बांध परियोजनाओं के लिए 750 करोड़ स्वास्थ्य सेवाएं मोशी और थेरगाव के अस्पतालों के लिए 400 करोड़ का विशेष प्रावधान
  • महिला कल्याण: महिला केंद्रित योजनाओं के लिए 99 करोड़

प्रमुख रणनीतियां और घोषणाएं

  • प्रशासन विकास कार्यों की गति बनाए रखने के लिए 5,690 करोड़ की एफडी का उपयोग करने के लिए तैयार है
  • बजट में आम नागरिकों पर प्रॉपर्टी टैक्स या जल शुल्क में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है,
  • निर्माण क्षेत्र में मंदी के बावजूद, प्रशासन ने नई संपत्तियों को टैक्स के दायरे में लाकर राजस्व बढ़ाने का लक्ष्य रखा है
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com