नितिन गडकरी बस से करेंगे सफर, PM मोदी की अपील पर केंद्रीय मंत्री का बड़ा फैसला, अब काफिले की 50% गाड़ियां कम

Nitin Gadkari Travel By Bus: ईंधन बचाने और यातायात सुगम बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मिसाल पेश की है। वह पालखी मार्ग का निरीक्षण बस से करेंगे और काफिले में सुरक्षा गाड़ियां आधी करेंगे।
Nitin Gadkari Travels by Bus Reduces Convoy to Save Fuel PM Modi's Appeal
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (फाइल फोटो, सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nitin Gadkari Fuel Saving Decision: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन की खपत कम की अपील पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ा फैसला लिया। उन्होंने ईंधन बचाने के लिए अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम करने और खुद बस से सफर करने का फैसला किया है। भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने एक पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने पुणे पुलिस कमिश्नर, डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर और दूसरे सीनियर अधिकारियों को पत्र लिखकर कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज पालकी मार्ग का निरीक्षण बस से करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस बार काफिले में गाड़ियों की संख्या 50 प्रतिशत कम करने का फैसला किया है।

गडकरी बस से करेंगे संत ज्ञानेश्वर महाराज मार्ग प्रोजेक्ट का निरीक्षण

नितिन गडकरी ने पत्र के जरिए कहा कि मेरा कार्यक्रम 14-15 मई को पुणे में संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज पालखी मार्ग परियोजनाओं का निरीक्षण करने का है। पीएम मोदी की सलाह के अनुसार, राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा के हित में परिवहन उद्देश्यों के लिए ईंधन की खपत को कम करना आवश्यक है, इसलिए मैंने अपने साथ आए अधिकारियों, पत्रकारों और सुरक्षा कर्मियों के साथ बस से यात्रा करने का निर्णय लिया है। इससे बेहतर यातायात प्रबंधन और जनता की सुविधा भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने आगे कहा कि अनुरोध है कि दौरे के दौरान काफिले में वाहनों की संख्या को सामान्य तैनाती के 50 प्रतिशत तक कम कर दिया जाए। साथ ही उचित व्यवस्था करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोलिंग प्रणाली की शुरुआत

बता दें कि इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोलिंग प्रणाली की शुरुआत के साथ भारत विश्व स्तरीय राजमार्ग अवसंरचना की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसका उद्देश्य पूरे देश में सुगम यात्रा सुनिश्चित करना, प्रदूषण कम करना और लॉजिस्टिक कॉस्ट को कम करना है।

केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शहरी विस्तार सड़क-2 (यूईआर- 2) पर मुंडका-बक्करवाला में देश के पहले बैरियर-रहित टोल प्लाजा का उद्घाटन किया। एमएलएफएफ प्रणाली एक संपर्क रहित और बैरियर-मुक्त टोल संग्रह तंत्र प्रस्तुत करती है, जो वाहनों को बिना रुके टोल प्लाजा से गुजरने की अनुमति देती है। इसमें फास्टैग-आधारित इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह के साथ एकीकृत स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर) तकनीक का उपयोग किया जाता है।

(IANS एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com