पुणे पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियारों की बिक्री करने वाले सात आरोपी गिरफ्तार

arrest
Representative Image
Published on: 
Updated on: 

पुणे: पुणे पुलिस (Pune Police) की एक बड़ी कार्रवाई में अलग-अलग सात शातिर अपराधियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों से 17 पिस्तौल (Pistol) और 13 जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस कार्रवाई में मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के एक डीलर को भी पकड़ा गया है। इस मामले में पुलिस ने हनुमंत अशोक गोल्हार (24), प्रदीप विष्णु गायकवाड (25), अरविंद श्रीराम पोटफोडे (38), शुभम विश्वनाथ गरजे (25), ऋषिकेश सुधाकर वाघ (25), अमोल भाऊसाहेब शिंदे (25) और साहिल तुलशीराम चांदेरे उर्फ आतंक (21) को गिरफ्तार (Arrested) किया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त रामनाथ पोकले, डीसीपी अमोल झेंडे के मार्गदर्शन में टीम ने की।

यूनिट-6 की टीम सीमा में गश्त लगा रही थी। इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दो पिस्तौल बिक्रेता वाघोली के एक लॉज के पास आए हैं। इसके आधार पर पुलिस हनुमंत गोल्हार और प्रदीप गायकवाड को कार से कब्जे में ले लिया। उनकी तलाशी लेने पर एक पिस्तौल मिला। पूछताछ करने के पता चला कि वे पिस्तौल बेचने आए थे। इसके आधार पर लोणीकंद पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।

नवी मुंबई में 2 करोड़ 80 लाख की डकैती मामले का वांटेड आरोपी है हनुमंत गोल्हार 

जांच में पता चला है कि हनुमंत गोल्हार नवी मुंबई में हुई 2 करोड़ 80 लाख की डकैती मामले का वांटेड आरोपी है, जबकि भारतीय विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में दर्ज आर्म्स एक्ट मामले का फरार आरोपी हैं। सख्ती से पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपियों ने पुणे में कई पिस्तौल बेचे हैं। पूछताछ में शुभम, अरविंद, ऋषिकेश और अमोल की जानकारी मिली। पुलिस ने चारों को पकड़ लिया। उनके पास से पुलिस ने 13 पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस जब्त किया, जबकि साहिल से पुलिस ने 4 पिस्तौल और 9 जिंदा कारतूस बरामद किया है।

राज्यभर में करता है पिस्तौल की सप्लाई 

गोल्हार मध्य प्रदेश का पिस्तौल का बड़ा डीलर है। जांच में पता चला है कि वह पुणे सहित राज्यभर में पिस्तौल सप्लाई करता था। उसके द्वारा इससे पहले भी पिस्तौल बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। उससे पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुणे सहित विभिन्न शहरों में उसने कितने पिस्तौल बेचे हैं।

पुलिस ने किया इतने का माल जप्त

पुणे पुलिस की कार्रवाई में कुल सात आरोपियों को पकड़कर उनसे 17 पिस्तौल, जिंदा कारतूस और एक कार सहित 23 लाख 81 हजार का माल जब्त किया गया है। साहिल एक गैरेज में काम करता था। इस गैरेज में उसने 4 पिस्तौल छिपा रखा था। वह पिस्तौल किसे बेचने वाला था, ग्राहक कौन है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।