पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक ने टेंपो और दो कारों को मारी टक्कर, 2 की मौत

Road Accident In Pune: पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर धायरी ब्रिज के पास ट्रक ने टेंपो और दो कारों को टक्कर मार दी। हादसे में 2 लोगों की मौत और 12 घायल हुए।
pune bangalore highway road accident
पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन(सोर्स : सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pune Bengaluru Highway: पुणे में पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर धायरी ब्रिज के पास रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना जांभुलवाड़ी क्षेत्र में लक्ष्मी लॉज के सामने हुई, जो आंबेगांव पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।

ट्रक ने टेंपो को पीछे से मारी टक्कर

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शरद आंबेगांव के अनुसार, सातारा से पुणे शहर की ओर जा रहा एक ट्रक धायरी ब्रिज के पास आगे चल रहे टेंपो से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक और टेंपो दोनों सड़क के दूसरी दिशा वाले कैरिजवे पर जा पहुंचे। इसके बाद मुंबई से सातारा की ओर जा रही दो कारें भी इन वाहनों की चपेट में आ गईं। हादसे में चारों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।

12 घायल, तीन की हालत गंभीर

दुर्घटना में कुल 12 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए भारती अस्पताल, मोरया अस्पताल, सिल्वर बर्च अस्पताल और श्रेयस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान दो लोगों की मौत

हादसे में घायल हृदयनाथ मोहन गायकवाड़ और आनंदीबाई रामचंद्र वडकर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और वाहन चालकों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

pune bangalore highway road accident
जुन्नर के आले गांव में पागल कुत्ते का आतंक, 2 घंटे में 12 लोगों को काटकर किया घायल, 9 की हालत गंभीर

ट्रक चालक और मालिक के खिलाफ कार्रवाई

आंबेगांव पुलिस ने मामले में CR No. 392/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने ट्रक चालक प्रमोद विठ्ठल वाघ और ट्रक मालिक संदीप गोरख सूर्यवंशी के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने ट्रक मालिक को हिरासत में लिया है।

यातायात बहाल, जांच जारी

हादसे के बाद दुर्घटनास्थल पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी है। आंबेगांव पुलिस अब दुर्घटना के सटीक कारण, वाहन की गति और चालक की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com