

Pune Camp Burger Controversy: पुणे का मशहूर और ऐतिहासिक कैंप बर्गर आउटलेट इन दिनों अपने स्वाद के लिए नहीं, बल्कि खाने में मिल रहे कॉकरोच के कारण विवादों के घेरे में है। पिछले दो दिनों में लगातार दो अलग अलग ग्राहकों द्वारा स्वच्छता को लेकर किए गए दावों ने शहर के खाद्य प्रेमियों के बीच खौफ और नाराजगी पैदा कर दी है।
ताजा विवाद तब शुरू हुआ जब एक ग्राहक ने अपने बर्गर के अंदर एक पूरा कॉकरोच मिलने का दावा किया। चौंकाने वाली बात यह है कि यह घटना ठीक उसी के अगले दिन हुई, जब एक अन्य ग्राहक ने अपने भोजन में कॉकरोच का पैर मिलने की शिकायत की थी। एक के बाद एक हुई इन घटनाओं ने आउटलेट की स्वच्छता प्रणाली और किचन की स्थिति की पोल खोल दी है।
सोशल मीडिया पर इस घटना के वायरल होने के बाद नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा है। ग्राहकों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद रेस्टोरेंट के स्टाफ का रवैया बेहद लापरवाह रहा। अब मांग उठ रही है कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए। पुणे के निवासियों ने सवाल उठाया है कि बार-बार शिकायत मिलने के बावजूद अब तक आउटलेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई? लोकप्रिय आउटलेट्स में इस तरह की गंदगी मिलने से अब लोग पुणे के अन्य प्रसिद्ध खाने-पीने के ठिकानों पर भी संदेह करने लगे हैं।
यह पहली बार नहीं है जब पुणे के किसी बड़े आउटलेट में इस तरह की समस्या सामने आई है। हालांकि, कैंप बर्गर जैसे प्रतिष्ठित नाम के साथ ऐसी घटना जुड़ना फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड्स की विफलता को दर्शाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि केवल लाइसेंस देना काफी नहीं है, बल्कि नियमित निरीक्षण और उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाना अनिवार्य है।