भोसरी में हुए हत्या की गुत्थी सुलझी, नालासोपारा से गिरफ्तार हुआ प्रेमी

arrest
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Updated on

पिंपरी. पिछले माह 25 सितंबर की रात भोसरी (Bhosari) इलाके में एक विधवा महिला की हत्या (Murder) की वारदात सामने आई थी। इस वारदात की गुत्थी को पिंपरी-चिंचवड़ (Pimpri-Chinchwad) की भोसरी पुलिस ने सुलझा लिया है और इस मामले में महिला के प्रेमी को मुंबई (Mumbai) के नालासोपारा (Nalasopara) इलाके से गिरफ्तार (Arrested) कर लिया है। इस आरोपी ने 2016 में उसी महिला के पति की भी हत्या की थी। अब उसने अपनी प्रेमिका को भी मौत के घाट उतार दिया क्योंकि वह उसे ब्लैकमेल कर 15 लाख रुपए मांग रही थी और उसका किसी और के साथ अफेयर चल रहा था। इसकी जानकारी पिंपरी- चिंचवड़ के पुलिस कमिश्नर कृष्ण प्रकाश ने एक संवाददाता सम्मेलन दी।

मृत महिला का नाम कलावती उर्फ कल्पना धोंडीबा सुरावर (38) है। उसकी हत्या के आरोप में बाजीराव विश्वास साबले को गिरफ्तार किया गया है। 25 सितंबर को भोसरी इलाके में कलावती उर्फ कल्पना की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि उसका पहला प्रेमी बाजीराव साबले लगातार कलावती के पास आता-जाता रहता था। इसी के चलते पुलिस को उस पर शक हुआ और उसकी तलाश जारी हुई। हालांकि वह फरार हो गया था, बाद में उसके मुंबई के नालासोपारा में रहने की खबर मिली। इसके अनुसार एक टीम ने वहां जाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। 

जमानत पर बाहर था आरोपी

पुलिस की पूछताछ में आरोपी बाजीराव ने बताया कि कलावती को अपने पति धोंडीबा के साथ बीड जिले के पटोडा में रहती थी। वहां उनकी जान पहचान हुई और बाद में यह पहचान प्यार में बदल गई। कलावती का पति उनके प्यार में रोड़ा बना हुआ था जिसे दूर करने के लिए दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची। पति की हत्या के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया था, दोनों फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। इसके बाद कलावती 2019 में भोसरी में रहने चली आई थी। उसका प्रेमी बाजीराव यहां उससे मिलने जाता था। उसे शक था कि उसका और किसी के साथ अफेयर चल रहा है। उसका फोन हमेशा व्यस्त रहता था पूछने पर वह टालमटोल करती थी। 

15 लाख की मांग कर रही थी कलावती

इसके अलावा कलावती बाजीराव से 15 लाख रुपये मांग रही थी। पैसे न देने पर वह अपने बेटे को अपने पति की हत्या गवाही देने की धमकी दे रही थी। इस वजह से उसने उसे मारने का फैसला किया था। बाजीराव ने कई बार कलावती से फोन पर बात करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी, लेकिन उसका उस पर कोई असर नहीं हुआ। 25 सितंबर को आरोपी बाजीराव ने व्हाट्सएप पर कोयते की फोटो भेजकर बताया कि वह उसकी हत्या करने जा रहा है। हालांकि, कलावती ने इसे भी गंभीरता से नहीं लिया। और उसी रात करीब आठ बजे बाजीराव उसके घर गया। उस समय कलावती किसी अन्य व्यक्ति से वीडियो कॉल के जरिए बात कर रही थीं। इससे वह और भी चिढ़ गया और उसके पेट में कुकरी घोंप दी और उस पर वार उसकी हत्या कर दी।  

Navbharat Live
navbharatlive.com