Pune Grand Tour: सासवड से तीसरे चरण का भव्य आगाज, अजीत पवार ने दिखाई हरी झंडी

Maharashtra News: सासवड में पारंपरिक जयघोष और ऐतिहासिक वेशभूषा के बीच ‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर’ अंतरराष्ट्रीय साइकिलिंग प्रतियोगिता के तीसरे चरण की शुरुआत हुई।
Ajit Pawar
अजित पवार (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Pune News In Hindi: ‘भारत माता की जय’, ‘जय भवानी जय शिवाजी’ और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के गगनभेदी नारों के बीच ‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर’ अंतरराष्ट्रीय साइकिलिंग प्रतियोगिता के तीसरे चरण का सासवड में भव्य शुभारंभ हुआ।

छत्रपति शिवाजी महाराज के काल की वेशभूषा पहने स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों ने आयोजन को उत्सव का रूप दे दिया। सासवड नगर परिषद क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने साइकिल चालकों को हरी झंडी दिखाकर की।

इस दौरान उन्होंने प्रतिभागी साइकिल चालकों से सीधे संवाद किया और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। अजीत पवार ने कहा कि पुणे, पिंपरी-चिंचवड़ और पूरे जिले ने हमेशा खेलों और खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है।

खेलों को जनसमर्थन जरूरी: अजीत पवार

उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जब तक खेलों को जनता का पूरा समर्थन नहीं मिलता, तब तक खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा नहीं मिलती। उन्होंने इस आयोजन को शानदार बताते हुए कहा कि प्रतियोगिता के ट्रैक अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हैं, जिससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिल रहा है।

विशिष्ट जनों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार, विधायक विजय शिवतारे, पूर्व विधायक संजय जगताप, नगर परिषद अध्यक्ष आनंदी जगताप, जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी और महाराष्ट्र ओलंपिक संघ के सचिव संजय शेटे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

नागरिकों के जोश से खिलाड़ियों में बढ़ी ऊर्जा

प्रतियोगिता में शामिल साइकिल चालकों ने कहा कि सासवड के नागरिकों द्वारा जिस तरह उत्साह और समर्थन मिल रहा है, उससे उन्हें अतिरिक्त ऊर्जा और आत्मविश्वास मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह प्रतियोगिता न केवल खेलों को बढ़ावा दे रही है, बल्कि पुणे जिले की सांस्कृतिक और खेल भावना को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com