Pune News: बसों और बस स्टैंड पर लगाए जाएंगे AI आधारित CCTV, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने दिए सख्त निर्देश

पुणे में खड़ी राज्य परिवहन की बस के अंदर एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना के मद्देनजर, महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के सभी बस अड्डों और डिपो की सुरक्षा ऑडिट का आदेश दिया।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने राज्य भर के सभी बस स्टैंड और डिपो का तुरंत सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्णय लिया है।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

मुंबई: परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने राज्य भर के सभी बस स्टैंड और डिपो का तुरंत सुरक्षा ऑडिट कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह निर्देश भी दिया है कि बस स्टैंड और डिपो पर खड़ी गैर-पंजीकृत बसें और परिवहन कार्यालयों द्वारा कार्रवाई में जब्त किए गए वाहनों को 15 अप्रैल तक हटा दिया जाए। इसी के साथ ही उन्होंने बस स्टॉप पर महिला गार्ड की संख्या में इजाफा करने का भी सुझाव दिया है।

बस स्टैंडों पर महिला यात्रियों की सुरक्षा के सम्बन्ध में बैठक का आयोजन किया गया था। इस दौरान बस स्टॉप पर महिला गार्ड की संख्या में इजाफा, प्रत्येक बस स्टॉप पर महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था के बारे में बात की गई। इसके अलावा, ड्राइवरों और कंडक्टरों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया की जिस बस को वे डिपो पर लाते हैं, उसे छोड़ते समय लॉक कर दिया जाए। बस के दरवाजे बंद करने का ध्यान रखें, तथा नियमित बसों में यह सुनिश्चित करें कि दरवाजे और खिड़कियां बंद हों।

बसों और बस स्टैंड पर लगाए जाए AI आधारित CCTV

इस अवसर पर परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य भर के सभी एसटी बस स्टैंड और डिपो में एआई तकनीक पर आधारित सीसीटीवी प्रणाली स्थापित की जानी चाहिए। नई बसों में भी सीसीटीवी लगाया जाना चाहिए। बसों में जी.पी.एस. सिस्टम लगाने का कार्य शीघ्रता से पूरा किया जाए। स्थानीय पुलिस की मदद से बस स्टेशन पर उनकी गश्त बढ़ाई जानी चाहिए और चूंकि डिपो मैनेजर उस डिपो का संरक्षक होता है, इसलिए उसे वहीं आवास में रहना चाहिए। ताकि प्रबंधन 24 घंटे निगरानी कर सके। इसके साथ ही बस स्टॉप पर काम करने वाले हर एसटी कर्मचारी को पहचान पत्र दिया जाना चाहिए, ताकि कोई भी कर्मचारी बनकर यात्रियों को ठग न सके।

15 अप्रैल तक हटाई जाए सभी अपंजीकृत बसें

सरनाईक ने निर्देश दिया है कि बस स्टैंड क्षेत्र से अपंजीकृत बसों को हटाने के लिए एक निश्चित अवधि निर्धारित की जाए तथा 15 अप्रैल तक यह कार्रवाई पूरी की जाए। राज्य परिवहन निगम में मुख्य संरक्षा एवं सतर्कता अधिकारी का पद रिक्त है तथा इस रिक्त पद पर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी की नियुक्ति की जानी चाहिए। इस संबंध में अविलंब गृह विभाग को प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया गया है। महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

महिला से दुष्कर्म

व्यस्त स्वारगेट बस स्टैंड में खड़ी बस में मंगलवार सुबह 26 साल की महिला से दुष्कर्म किया गया। घटना पुलिस स्टेशन से 100 मीटर की दूरी पर हुई। सीसीटीवी की मदद से आरोपी को पहचान लिया गया है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

दरअसल, गुरुवार को बस स्टैंडों पर महिला यात्रियों की सुरक्षा के सम्बन्ध में अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) के कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा एसटी महामंडल के अध्यक्ष संजय सेठी, परिवहन आयुक्त तथा एसटी महामंडल के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विवेक भीमनवार, संयुक्त सचिव राजेंद्र होलकर तथा एसटी महामंडल के अधिकारी उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com