

महाराष्ट्र : महाराष्ट्र (Maharashtra) के लातूर (Latur) जिले में एक गांव के प्राधिकारियों ने राजस्व बढ़ाने की मुहिम के तहत उन ग्रामीणों को 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा देने का फैसला किया है, जो स्थानीय पंचायत द्वारा लगाए गए कर का पूरी तरह से भुगतान करते हैं। नीलांगा तहसील के पंचिनचोली गांव में शुक्रवार को हुई ग्राम सभा की बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया।
पंचिनचोली की सरपंच (ग्राम प्रमुख) गीतांजलि हनुमंते ने बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें उनके पूर्ववर्ती श्रीकांत सालुंखे ने एक प्रस्ताव पेश कर कहा कि पंचायत कर के 100 प्रतिशत भुगतान पर ग्रामीणों को 10 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा प्रदान किया जाएगा। सालुंखे के प्रस्ताव का सभी सदस्यों ने स्वागत किया और इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
सालुंखे ने मीडिया से कहा, ‘5,947 लोगों की आबादी वाले पंचिनचोली गांव में करीब 930 करदाता हैं। यह फैसला ग्रामीणों को कर भुगतान के लिए प्रेरित करने के मकसद से लिया गया है।' उन्होंने बताया कि बैठक में गांव के विकास के लिए पेश किए गए कुछ अन्य प्रस्ताव भी पारित हुए। (एजेंसी)