ऑपरेशन टाइगर को लेकर केंद्रीय मंत्री प्रताप जाधव को बड़ा दावा! बताया कब होगा पूरा, उद्धव गुट में मचा हड़कंप

Prataprao Jadhav Statement: महाराष्ट्र की सियासत में 'ऑपरेशन टाइगर' को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। इसे लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने बड़ा दावा किया है।
Prataprao Jadhav On Operation Tiger
प्रतापराव जाधव, इनसेट- एकनाथ शिंदे व उद्धव ठाकरे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Prataprao Jadhav On Operation Tiger: महाराष्ट्र की राजनीति में 'ऑपरेशन टाइगर' चर्चा का विषय बना हुआ है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि शिवसेना (यूबीटी) के कुछ सांसद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। इसी बीच शिवसेना नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव के दावे ने महाराष्ट्र में सियासी हलचल मचा दिया है। उन्होंने ऑपरेशन टाइगर के तारीख बता दी है।

ऑपरेशन टाइगर को लेकर प्रतापराव जाधव का दावा

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि ऑपरेशन टाइगर अब अपने आखिरी चरण में है और जल्द ही पूरा होने वाला है। यह ऑपरेशन उस दिन खत्म होगा जब शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे सही समय और शुभ मुहूर्त तय करेंगे। उनके इस बयान से ठाकरे गुट में एक बार फिर हलचल मच गई है। प्रतापराव जाधव परभणी जिले के गंगाखेड़ तालुका के सुनेगांव में एक हर्बल फार्मास्युटिकल कंपनी का उद्घाटन करने गए थे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि शिवसेना (यूबीटी) के नेता और विपक्ष के पूर्व नेता अंबादास दानवे ने भी अप्रत्यक्ष रूप से इस ऑपरेशन को स्वीकार किया है। इसलिए, अब हमें इस मामले पर और कुछ कहने की जरूरत नहीं है।

ऑपरेशन टाइगर पर क्या बोले अंबादास दानवे

दरअसरल, अंबादास दानवे ने इस मामले पर बात करते हुए कहा था कि कुछ लोग संपर्क में हैं, जबकि कुछ लोग खुलकर बात करते हैं। हमें सब पता है। लोकसभा चुनाव के बाद से ही हर एक-दो महीने में ऐसे संपर्क की बात होती रही है। अब, इसे आधिकारिक तौर पर स्वीकार किए जाने की जरूरत है। प्रतापराव जाधव ने दानवे के इसी बयान का हवाला देते हुए ठाकरे गुट पर निशाना साधा है।

यह महाराष्ट्र में एक विकृति है: संजय राउत

इस बीच, अंबादास दानवे के बयान के बाद ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने तीखा पलटवार किया। राउत ने कहा कि यह महाराष्ट्र में एक विकृति है, उन्होंने सारी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने महाराष्ट्र को बर्बाद कर दिया है और सही समय आने पर राज्य की जनता इसके खिलाफ़ विद्रोह करेगी। उन्होंने यह तंज भी कसा कि जो लोग 'ऑपरेशन टाइगर' की बात करते हैं, उन पर अमित शाह ने कितनी बार ऑपरेशन किया है।

कल 'मातोश्री' पर होगी उद्धव गुट की बैठक

'ऑपरेशन टाइगर' के बीच शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल, 14 जून को अपने 'मातोश्री' आवास पर शिवसेना सांसदों की एक जरूरी और अहम बैठक बुलाई है। सभी सांसदों को मुंबई पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आने वाले राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा की जा सके और पार्टी की अंदरूनी रणनीति बनाई जा सके। इसलिए, अब सबकी नज़रें इस बैठक पर टिकी हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com