

Virar Narangi Flyover Inaugration: विरारवासियों के वर्षों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। शहर के पूर्वी और पश्चिमी छोर को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित नारंगी फ्लाईओवर का आज, शुक्रवार 8 मई को भव्य उद्घाटन होने जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा निर्मित यह पुल न केवल शहर की कनेक्टिविटी को सुधारेगा, बल्कि दशकों से यातायात जाम की समस्या झेल रहे नागरिकों के लिए संजीवनी साबित होगा।
पालक मंत्री गणेश नाईक करेंगे लोकार्पण इस महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना का उद्घाटन पालघर जिले के पालक मंत्री गणेश नाईक के कर कमलों द्वारा किया जाएगा।
वर्तमान में विरार के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के बीच आवाजाही के लिए सीमित विकल्प होने के कारण विरार रेलवे फ्लाईओवर और साईनाथ नाका पर घंटों लंबा जाम लगा रहता है।
नारंगी पुल के खुलने से अधिकांश भारी और निजी वाहन इस नए मार्ग का रुख करेंगे। इससे साईनाथ नाका और नारंगी फाटक पर होने वाली भीड़ में भारी कमी आएगी। यह पुल विरार की लाइफलाइन के रूप में काम करेगा।
- संजय यादव, पीडब्ल्यूडी अधिकारी
इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले उपस्थित रहेंगे। साथ ही, सांसद डॉ। हेमंत सावरा, विधायक स्नेहा दुबे-पंडित, विवेक पंडित और जिलाधिकारी डॉ इंदुरानी जाखड़ सहित क्षेत्र के तमाम दिग्गज नेता और प्रशासनिक अधिकारी शिरकत करेंगे।
तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच विरार की सड़कों पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया था। इस चुनौती से निपटने के लिए नारंगी क्षेत्र में इस फ्लाईओवर की नींव रखी गई थी। यह पुल 725 मीटर लंबा और 14 मीटर चौड़ा है, जो दोतरफा यातायात के लिए पर्याप्त स्थान प्रदान करता है। इसके निर्माण पर लगभग 24 करोड़ रुपये का खर्च आया है। हालांकि तकनीकी कारणों से इसके निर्माण में देरी हुई और लक्ष्य दिसंबर 2025 से आगे खिसक गया, लेकिन अब यह पूरी तरह बनकर तैयार है।