Palghar में चलती बस में बुजुर्ग महिला के गहने उड़ाने वाली 'गैंग' गिरफ्तार, पुलिस ने 2.38 लाख का माल किया बरामद

Palghar Crime News: सूरत-महाड बस में सफर कर रही 70 वर्षीय महिला के 2.38 लाख रुपये के आभूषण चोरी करने वाले चार शातिर चोरों को पालघर पुलिस ने रंगे हाथों धर दबोचा।
Palghar Gold Theft Gang Arrested
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Published on
Updated on

Palghar Gold Theft Gang Arrested: महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां राज्य परिवहन की बस में सफर कर रही एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया गया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के कारण चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया गया है।

होटल पर रुकते ही हुआ वारदात का अहसास

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 30 मार्च की है। पीड़ित 70 वर्षीय महिला गुजरात राज्य परिवहन की बस में सवार होकर सूरत से महाड की यात्रा कर रही थीं। जब बस पालघर जिले के दहानू तालुका अंतर्गत धनीवारी इलाके में एक होटल के पास रुकी, तब महिला को अपनी सीट के नीचे रखे बैग में कुछ गड़बड़ी महसूस हुई। जांच करने पर उन्होंने पाया कि बैग के अंदर रखे करीब 2.38 लाख रुपये की कीमत के सोने के आभूषण गायब थे।

Palghar Police की त्वरित कार्रवाई

चोरी का पता चलते ही तुरंत कासा पुलिस स्टेशन को सूचित किया गया। पालघर के पुलिस अधीक्षक (SP) यतीश देशमुख ने बताया कि सूचना मिलते ही कासा थाने की एक विशेष टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस की गहन तलाशी शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ की। तलाशी के दौरान बस में ही मौजूद चार व्यक्तियों की गतिविधियों पर पुलिस को शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवा नागराज कवाडिया, कार्तिक सुरेश नायडू, विक्रम गर्गुटू नायडू, रमेश सुरेश नायडू के रूप में हुई है।

पालघर पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए गहने बरामद कर लिए हैं। कासा पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह पहले भी इस तरह की बस चोरियों में शामिल रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com