

Nalasopara Murder Case News Update: नालासोपारा के संतोष भवन इलाके में फ्लोर मिल कर्मचारी की सनसनीखेज हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस हत्याकांड के पीछे अवैध संबंध और साजिश की चौंकाने वाली कहानी सामने आई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक उमेश राधेश्याम यादव (38) की पत्नी और आरोपी आकाशकुमार अशोककुमार गुप्ता (28) के बीच प्रेम संबंध थे। सूत्रों के मुताबिक, दोनों साथ रहने की चाहत में बाधा बन रहे उमेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
घटना 18 अप्रैल की रात करीब 9 बजे की है, जब नालासोपारा पूर्व स्थित ‘पांडेय फ्लोर मिल’ में काम कर रहे उमेश यादव पर आरोपी ने अचानक हमला कर दिया। हमलावर ने सिर, गर्दन और हाथों पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आकाश गुप्ता, जो नवी मुंबई के तुर्भे इलाके में रहता था, फरार हो गया। पुलिस जब उसके ठिकाने पर पहुंची, तो पता चला कि वह कई दिनों से लापता है।
सर्विलांस के जरिए पुलिस को आरोपी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मिली। इसके बाद वसई पुलिस की विशेष टीम वहां पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, यह पूरी साजिश पूर्व नियोजित थी और हत्या को अंजाम देने के लिए आरोपी ने पहले से तैयारी की थी।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक और अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे के मार्गदर्शन में की गई। इस ऑपरेशन में इंस्पेक्टर अविराज कुराडे, एपीआई सोपान पाटील और उपनिरीक्षक राहुल फड की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।