राकां में केवल दिखावे के लिए OBC चेहरे, DCM फडणवीस ने साधा निशाना

devendra-Fadanvis
File Pic
Published on: 
Updated on: 

चंद्रपुर. पिछले कुछ दिनों से एनसीपी में प्रदेशाध्यक्ष पद को लेकर खींचतान चल रही है. अजीत पवार ने पार्टी संगठन में जिम्मेदारी पाने की इच्छा जताई. इसके बाद छगन भुजबल ने मांग की कि प्रदेशाध्यक्ष का पद ओबीसी नेताओं को दिया जाना चाहिए. इन घटनाक्रमों के बाद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राकां पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा कि राकां में ओबीसी चेहरे केवल दिखावे के लिए हैं. शहर में रविवार को हुए भाजपा के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि एक साधारण ओबीसी परिवार का बेटा आज देश का प्रधानमंत्री बनकर दुनिया भर में भारत का झंडा फहरा रहा है. ओबीसी के लिए इससे बड़ा सम्मान क्या हो सकता है. हमने देखा कि कैसे अमेरिकी राष्ट्रपति और सभी सांसद मोदी का स्वागत कर रहे थे. सही मायनों में मोदी का सम्मान तो बढ़ा ही है, लेकिन भारत का सम्मान भी मोदी से ज्यादा बढ़ गया है. 

कैबिनेट में सबसे अधिक ओबीसी मंत्री

उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि आज देश की कैबिनेट में जितने ओबीसी मंत्री मौजूद हैं, किसी भी पिछली कैबिनेट में इतने ओबीसी मंत्री नहीं थे. वे यह सब इसलिए बता रहे हैं क्योंकि भाजपा का डीएनए ओबीसी है. आज तक ओबीसी के लिए जो भी निर्णय लिए गए हैं, वे निर्णय या तो उनके मुख्यमंत्री रहते हुए थे या फिर देश में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लिए गए हैं.

हमने ओबीसी मंत्रालय बनाया. महाज्योति जैसे संस्थान शुरू कर ओबीसी बच्चों के लिए पीएचडी, एमपीएससी, यूपीएससी के दरवाजे खोले हैं. ओबीसी छात्रों को विदेश में पढ़ने के लिए छात्रवृत्ति दी गई. भाजपा देश और महाराष्ट्र में बहुजन समाज को मुख्यधारा में लाने के लिए काम कर रही है.

Navbharat Live
navbharatlive.com