सिग्नल पर धूप से मिलेगी मुक्ति, दोपहर 1 से 4 बजे तक ब्लिंकर मोड पर रहेंगे नासिक के ये 14 सिग्नल

Nashik Traffic Rules: नासिक शहर पुलिस ने भीषण गर्मी से राहत देने के लिए दोपहर 1 से 4 बजे तक 14 प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों को ब्लिंकर मोड पर रखने का आदेश दिया है। जानें प्रभावित क्षेत्रों की पूरी लिस्ट।
Relief from the Sun at Signals: These 14 Signals in Nashik Will Operate in Blinker Mode from 1 PM to 4 PM
ट्रैफिक सिग्नल (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nashik Traffic Signal Blinker Mode: महाराष्ट्र के कई हिस्सों सहित नासिक में इन दिनों सूरज आग उगल रहा है। भीषण गर्मी और लू (Heatwave) के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस स्थिति को देखते हुए नासिक शहर यातायात पुलिस ने वाहन चालकों, विशेषकर दोपहिया सवारों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। दोपहर के समय चौराहों पर रेड सिग्नल के दौरान भीषण धूप में खड़े रहने की मजबूरी को देखते हुए शहर के 14 प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों को 'ब्लिंकर मोड' पर रखने का निर्णय लिया गया है।

दोपहर 1 से 4 बजे तक विशेष व्यवस्था

यातायात विभाग की सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अद्विता शिंदे ने वाहन चालकों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया है। शहर के कुल 53 सिग्नलों में से उन 14 चौकों का चयन किया गया है जहाँ दोपहर के वक्त यातायात का दबाव तुलनात्मक रूप से कम रहता है। ये सिग्नल दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक ब्लिंकर मोड (पीली बत्ती का जलना-बुझना) पर रहेंगे। इसका मतलब है कि वाहन चालकों को अब इन चौराहों पर 60 से 90 सेकंड तक जलती धूप में रुकना नहीं पड़ेगा, बल्कि वे सावधानी बरतते हुए सीधे निकल सकेंगे।

किन वर्ग के लोगों को होगा सबसे अधिक लाभ?

नासिक बढ़ते तापमान के कारण सबसे अधिक परेशानी वरिष्ठ नागरिकों, छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही थी। सिग्नल पर खड़े होने के दौरान सीधी धूप और वाहनों के इंजन की गर्मी से 'हीट स्ट्रोक' का खतरा बढ़ जाता है। स्मार्ट सिटी प्रशासन और यातायात पुलिस के इस साझा प्रयास से अब नागरिकों को इस शारीरिक कष्ट से मुक्ति मिलेगी।

इन 14 चौकों पर मिलेगी राहत

स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने पुलिस के पत्र के आधार पर जिन क्षेत्रों में सिग्नल बंद रखने की प्रक्रिया शुरू की है, उनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  • स्वामीनारायण चौक और खड़काली
  • पाइपलाइन रोड और स्विमिंग पूल एरिया
  • बारदान फाटा, अशोका मार्ग और तिलकवाडी
  • विद्या विकास सर्कल और साईनाथ नगर
  • कलानगर, महिंद्रा सर्कल और समृद्धि टी-पॉइंट
  • विहित गांव और जेल रोड स्थित पानी की टंकी चौक

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि भले ही सिग्नल ब्लिंकर मोड पर हों, लेकिन चौराहे पार करते समय सावधानी बरतें और गति सीमा का पालन करें ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com