

नासिक पुलिस का बजट 350 करोड़ से बढ़कर 500 करोड़ रुपये हुआ।
सिंहस्थ के लिए करीब 20 हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मांग।
CCTV, ड्रोन, कमांड कंट्रोल रूम और बैरिकेडिंग की तैयारी तेज।
Nashik Simhastha Kumbh Personnel Security Plan: नासिक में सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के लिए राज्य सरकार ने पुलिस बजट में 150 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की है। इससे कुल बजट 350 करोड़ से बढ़कर 500 करोड़ रुपये हो गया है। मेले के दौरान करीब 20 हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और आधुनिक निगरानी व्यवस्था की तैयारी अंतिम चरण में है।
नासिक शहर में वर्ष 2026-27 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले को देखते हुए राज्य सरकार ने नासिक शहर पुलिस के बजट में 150 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी की है। पहले पुलिस व्यवस्था के लिए 350 करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे। अब इस बढ़ोतरी के बाद कुल बजट 500 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए करीब 20 हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, यातायात मार्गों और वीआईपी दौरों के नियोजन का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है।
सिंहस्थ की सुरक्षा तैयारियों के लिए पुलिस आयुक्त की अध्यक्षता में पूर्व तैयारी समिति गठित की गई है। इसके तहत पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और पुलिस निरीक्षकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
शहर में अस्थायी पुलिस चौकियां बनाने, बैरिकेडिंग, CCTV कैमरे, वायरलेस प्रणाली, वॉच टावर और ड्रोन कैमरों की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस थानों में कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर, फोटोकॉपी मशीन, फर्नीचर और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की जरूरतों का आकलन कर खरीदारी की सूची भी तैयार की गई है।
बाहरी जिलों से आने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के रहने तथा भोजन की व्यवस्था करने की तैयारी भी चल रही है। आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी के लिए अलग व्यवस्था विकसित की जा रही है।
पुलिस व्यवस्था के लिए शुरुआत में करीब 1,100 करोड़ रुपये के बजट की अपेक्षा की गई थी। सरकार ने पहले चरण में 350 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए थे। अब अतिरिक्त 150 करोड़ रुपये मिलने से तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है।
बैरिकेडिंग की व्यवस्था में कुछ संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा। इसके लिए कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत मदद ली जाएगी। इससे सरकारी राशि की बचत होगी, जिसका उपयोग कानून-व्यवस्था से जुड़े दूसरे कार्यों में किया जा सकेगा।
पुलिस उपायुक्त चंद्रकांत गवली के अनुसार, सिंहस्थ के दौरान सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, पुलिस चौकियों और अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था से संबंधित प्रक्रिया शुरू है। पुलिस थानावार सुरक्षा योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
वर्ष 2015-16 में आयोजित सिंहस्थ कुंभ के दौरान पुलिस का बजट 105 करोड़ रुपये था। उस समय कोई अप्रिय घटना नहीं हुई थी। इस बार बढ़ती आबादी और श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अधिक व्यापक बनाया जा रहा है।
पुलिस साइबर सुरक्षा, तकनीक आधारित निगरानी, आधुनिक वाहनों और अत्याधुनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर भी जोर दे रही है। पुलिस आयुक्तालय में कमांड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। डिजिटल निगरानी के माध्यम से घटनाओं पर तत्काल नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तेजी से निर्णय लेने में मदद मिलेगी।