नासिक में गूंजा शोक: रामकुंड पर अजीत दादा पवार का अस्थि विसर्जन, नासिक में भावुक विदाई

Nashik NCP leaders Tribute: नासिक के रामकुंड पर दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत दादा पवार के अस्थि कलश का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया गया, नेताओं और समर्थकों ने भावभीनी विदाई दी।
Grief resonates in Nashik: Ajit Dada Pawar's ashes immersed at Ramkund, an emotional farewell in Nashik.
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Updated on

Nashik Ajit Pawar Tribute: नासिक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य के उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजीत दादा पवार के अस्थि कलश का आज पवित्र रामकुंड पर श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया गया। राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल और विधानसभा उपाध्यक्ष नरहरी झिरवाल सहित कई प्रमुख नेताओं ने अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।

इस दौरान पूरा रामकुंड परिसर 'अजीत दादा अमर रहें' के नारों से गूंज उठा। अजीत पवार के आकस्मिक निधन के बाद, उनकी अंतिम स्मृतियों को संजोए अस्थि कलश को मंत्री छगन भुजबल और पूर्व सांसद समीर भुजबल आज नासिक लेकर आए।

शहर में आयोजित विशेष श्रद्धांजलि सभा के पश्चात, अस्थि कलश को एक वाहन में सम्मानपूर्वक गोदावरी तट स्थित रामकुंड लाया गया। यहां पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच अस्थियों का विधिवत पूजन किया गया। इसके पश्चात पवित्र जल में अस्थियों को विसर्जित किया गया।

प्रमुख जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस भावुक क्षण के दौरान दिवंगत नेता के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए महायुति और महाविकास अधाड़ी के नेता एक साथ नजर आए। पूर्व सांसद समीर भुजबल, विधायक पंकज भुजबल, विधायक माणिकराव कोकाटे, विधायक दिलीप बनकर, विधायक हीरामन खोसकर और विधायक सरोज अहिरे ने पुष्प अर्पित कर नमन किया, साथ ही पूर्व विधायक जयवंतराव जाधव, राकांपा शहराध्यक्ष रंजन ठाकरे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने नेता के अंतिम दर्शन के लिए उपस्थित रहे।

अस्थि विसर्जन की गंभीरता और उमहने वाली भीड़ को देखते हुए रामकुंड परिसर में पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे, गोदावरी के तट पर मौजूद हर व्यक्ति की आखें नम थीं, उपस्थित लोगों ने कहा कि अजीत दादा का नासिक से गहरा जुड़ाव था और उन्होंने जिले के विकास के लिए हमेशा बढ़-चढ़कर योगदान दिया, उनके अस्थि विसर्जन के साथ ही नासिक की राजनीति के एक बड़े अध्याय का विदाई समारोह संपन्न हुआ।

Navbharat Live
navbharatlive.com