

Nashik Kumbh Road Repairs: नासिक सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों के तहत शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के कारण सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब हो गई है और जगह-जगह गड्ढों का साम्राज्य फैल गया है। पिछले कुछ दिनों में सड़क हादसों में चार लोगों की मौत के बाद नागरिकों में भारी आक्रोश है। इसी पृष्ठभूमि में कुंभ मेला मंत्री गिरीश महाजन ने शुक्रवार को मनपा मुख्यालय में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शहर की सभी सड़कों को आठ दिनों के भीतर गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में महापौर हिमगौरी आडके, आयुक्त मनीषा खत्री, स्थायी समिति के अध्यक्ष मच्छिंद्र सानप, विधायक देवयानी फरांदे, सीमा हिरे, राहुल ढिकले सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
महाजन ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि ठेकेदारों से गुणवत्तापूर्ण कार्य करवाने की जिम्मेदारी अधिकारियों की है। केवल कार्यालय में बैठकर समीक्षा करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करना होगा।
उन्होंने कहा कि काम की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और नागरिकों की जान से खिलवाड़ करने वाली लापरवाही को सरकार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
महाजन ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि शनिवार से वह प्रत्येक सप्ताह तीन दिन नासिक में रहेंगे। कुंभ मेले से जुड़े सभी विकास कार्यों की निगरानी अब वह स्वयं करेंगे तथा प्रत्येक विभाग की नियमित समीक्षा करेंगे।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी या डिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सही है कि कुछ दिनों तक नासिकवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा, लेकिन सभी कार्य पूरे होने के बाद शहर का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।
नासिक एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर शहर के रूप में दिखाई देगा। वर्तमान में शहर में 30 से 35 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं, जिनमें बड़े पैमाने पर सीमेंट कंक्रीट की सड़कें बनाई जा रही हैं। इन सड़कों की आयु लगभग 40 वर्ष होगी, जिससे बार-बार मरम्मत की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
महाजन ने बताया कि शनिवार को सभी ठेकेदारों और विभिन्न यूटिलिटी एजेंसियों के साथ अलग बैठक आयोजित की जाएगी, सड़क, जलापूर्ति, बिजली, गैस और दूरसंचार विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेले से संबंधित सभी विकास कार्य अगले छह महीनों में पूरे करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य सड़कों
के साथ-साथ शहर की आंतरिक सड़कों, कॉलोनी मागाँ तथा उपनगरों की सड़कों का भी विकास किया जाएगा।
इसके लिए आवश्यक डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी आवश्यक प्रशासनिक मंजूरियां भी प्राथमिकता के आधार पर दी जाएंगी।
नासिक में पालकमंत्री नहीं होने के कारण प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित होने के सवाल पर महाजन ने कहा कि नासिक को कभी भी पालकमंत्री की कमी महसूस नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में कोई भी बड़ी घटना होती है तो वह स्वयं तत्काल नासिक पहुंचते हैं और आगे भी शहर के विकास तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री छगन भुजबल द्वारा शहर के गड्डों को लेकर व्यक्त की गई नाराजगी और चिंता पूरी तरह उचित है। नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन को सभी कार्य तत्काल पूरे करने के निर्देश दिए गए है। इधर नगर निगम की तीसरी मंजिल पर समीक्षा बैठक चल रही थी, वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने गड्डों के मुद्दे को लेकर नगर आयुक्त के कक्ष के सामने धरना-प्रदर्शन किया।