CM फडणवीस ने लॉन्च किया नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ 2027 का आधिकारिक Logo, जानें इसकी खास बातें

Nashik Simhastha Kumbh 2027 Logo: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ 2027 के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया। 3,000 प्रविष्टियों में से पुणे के सुमित काटे का डिजाइन प्रथम चुना गया।
Nashik Simhastha Kumbh 2027 Official Logo Launch
नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ 2027 के आधिकारिक Logo को अनावरण करते मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व सुनेत्रा पवार (सोर्स: एक्स@CMOMaharashtra)
Updated on

Nashik Simhastha Kumbh 2027 Official Logo Launch: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभमेले के आधिकारिक लोगो को आज लॉन्च किया। इसका अनावरण सह्याद्री अतिथीगृह में आयोजित समारोह में सीएम फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में किया गया।

नासिक में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभमेले के लोगो के चयन के लिए कुंभमेला प्राधिकरण की ओर से देशव्यापी डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में देश-विदेश से 3 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। चयनित तीन विजेताओं को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों सम्मानित किया गया।

विजेता प्रतिभागियों को मिला पुरस्कार

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पुणे के सुमित काटे को तीन लाख रुपये का पुरस्कार और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। वहीं नोएडा के मयंक नायक को द्वितीय स्थान के लिए दो लाख रुपये तथा पंढरपुर के पीयूष पिंपलनेरकर को तृतीय स्थान के लिए एक लाख रुपये और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

लोगो चयन प्रक्रिया के लिए प्रसिद्ध डिजाइन विशेषज्ञों की समिति गठित की गई थी, जिसमें प्रसून जोशी, अश्विनी देशपांडे, मंदार राणे, वृषाली केकणे (देशमुख), बारिश दाते, विनय नारंग, डॉ. प्राजक्ता बास्ते, प्रफुल सावंत, डॉ. दिनेश वैद्य, एथनी लोपेझ और डॉ. किरण शिंदे शामिल थे। समिति ने सर्जनशीलता, नवाचार, ब्रांड सुसंगतता और प्रस्तुतीकरण जैसे मानकों के आधार पर लोगो का चयन किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समिति के सदस्यों का भी सम्मान किया। कुंभमेला प्राधिकरण के आयुक्त शेखर सिंह ने प्रस्तावना के दौरान कुंभमेले की तैयारियों और लोगो प्रतियोगिता की जानकारी दी। कार्यक्रम में कुंभमेला मंत्री गिरीश महाजन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल, स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे, उद्योग मंत्री उदय सामंत, सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंह राजे भोसले, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, नासिक विभागीय आयुक्त प्रवीण गेडाम, कुंभमेला प्राधिकरण आयुक्त शेखर सिंह सहित विभिन्न अखाड़ों के साधु-संत उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों ने उपस्थित संत-महात्माओं का स्वागत किया।

नासिक सिंहस्थ कुंभ के लोगो की विशेषताएं

  • लोगो नासिक और त्र्यंबकेश्वर की पवित्र धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित है।
  • भगवान शिव का त्रिशूल आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक दर्शाया गया है।
  • त्र्यंबकेश्वर मंदिर की आकृति क्षेत्रीय धार्मिक धरोहर को दर्शाती है।
  • कालाराम मंदिर की कमान और गोदावरी नदी को विशेष रूप से शामिल किया गया है।
  • गोदावरी नदी को ‘शिवलिंग’ के स्वरूप में दर्शाते हुए कुंभमेले की पवित्र स्नान परंपरा के महत्व को रेखांकित किया गया है।

70 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों सहित 3,067 प्रविष्टियां

नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभमेला प्राधिकरण मायगव्ह और असोसिएशन ऑफ डिजाइनर्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में यह देशव्यापी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। 20 नवंबर से 20 दिसंबर 2025 के बीच मायगव्ह प्लेटफॉर्म पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 70 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों समेत कुल 3,067 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। प्रतियोगिता में सर्वाधिक भागीदारी महाराष्ट्र से रही, जबकि दिल्ली और तमिलनाडु क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। 18 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने सबसे अधिक उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com