पेंच नदी में डूबने से युवक की मौत, दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाना पड़ा महंगा, घोगरा में हुई घटना

Representative Photo
Representative Photo
Published on: 
Updated on: 

नागपुर. दोस्तों के साथ पेंच नदी में नहाने उतरे १८ वर्षीय युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई. यह घटना पेंच नदी के घोगरा परिसर में सोमवार की सुबह घटी. मृत युवक पीयूष संजय रेणके भोलेबाबा नगर उदयनगर रिंग रोड नागपुर निवासी है. प्राप्त जानकारी अनुसार पीयूष समेत ७ दोस्त अपने एक मित्र की जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए पारशिवनी तालुका के श्रीक्षेत्र घोगरा महादेव परिसर में गये थे. सभी १२वीं कक्षा के छात्र है उनका हाल ही में रिजल्ट लगा था.

ऐसे में दोस्त का जन्मदिन और १२वीं पास होने की खुशी में पार्टी का नियोजन सबने मिलकर किया था. ये सभी सोमवार की सुबह करीब 6 बजे नागपुर से निकले. पारशिवनी परिसर के बारई समाज तालाब (छोटा गोवा) परिसर में ७.3० बजे के करीब पहुंचे. परिसर में घूमने के बाद वे पेंच नदी किनारे श्रीक्षेत्र घोगरा महादेव परिसर में ९.3० बजे के आसपास पहुंचे. यहां पेंच नदी परिसर में घूमने के बाद वे देवस्थान परिसर से 3०० मीटर दूरी पर स्थित चोखली डोह की ओर गये. यहां पर नहाने के लिए पीयूष और उसके 2 दोस्त पानी में उतरे. अचानक तीनों पानी में डूबने लगे.

यह देख किनारे खड़े अन्य मित्रों ने 2 मित्रों को बाहर निकाला. परंतु पीयूष थोड़ा दूर गहरे पानी में जाने से वहां तक पहुंच नहीं पाये और पीयूष अपने मित्रों के सामने पानी में डूब गया. यह घटना सुबह करीब १० बजे के आसपास घटी. इसकी जानकारी तुरंत पारशिवनी पुलिस को दी गई. तहसीलदार हनुमंत गजताप, पुलिस निरीक्षक राहुल सोनवने, उपनिरीक्षक शिवाजी मुंढे समेत पुलिस व राजस्व विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे.

स्थानीय मछुआरों की मदद से शव को नदी में ढूंढने का काफी प्रयास किया गया, परंतु कोई सफलता हाथ नहीं लगी. इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया. शाम करीब ५ बजे तक पीयूष का शव नहीं मिल पाया. अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया. मंगलवार की सुबह फिर से शव ढूंढने का कार्य आरंभ करने की जानकारी पारशिवनी पुलिस द्वारा दी गई.