महिला शराब तस्करों को पकड़ा, RPF CIB की कार्रवाई, 44,000 रु. का माल जब्त

RPF police
Published on: 
Updated on: 

नागपुर. रेलवे सुरक्षा बल की अपराध खुफिया शाखा नागपुर द्वारा स्टेशन पर गश्त के दौरान 3 महिलाओं को शराब तस्करी करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया. उनके पास से 44,483 रुपये की विदेशी शराब जब्त की गई. आरोपी महिलाओं के नाम सन्नो मनोज जाट (46), कुसुमलता पवन जाट (61) और लक्ष्मी सुरेंद्र जाट (39) बताये गये हैं. तीनों ही बेलबाग, कंजड़ मोहल्ला, जबलपुर निवासी हैं.

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीआईबी की टीम प्लेटफार्म 2 पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान उक्त तीनों महिलाओं के पास नजर आ रहे बैग काफी भरी लग रहा था. तीनों को रोककर पूछने पर वे घबरा गई. बैगों की तलाशी लेने पर कुल 317 बोतल विदेशी शराब मिली. इनकी कुल कीमत 44,483 रुपये आंकी गई. तुरंत तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया और जब्त माल एक्साइज विभाग के सुपूर्द कर दिया गया. यह कार्रवाई पीआई नवीन कुमार के मार्गदर्शन में एएसआई आरके भारती, एएसआई मुकेश राठौर, जसवीर सिंह, उर्मिला शर्मा आदि द्वारा पूरी की गई.

फिर निकला शराब तस्करी की जिन्न

ज्ञात हो कि चंद्रपुर जिले में शराब बंदी के बाद अचानक नागपुर के जरिये बड़ी मात्रा में शराब तस्करी शुरू हो गई थी. नागपुर के अलावा पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के पांढुरना स्टेशन से बड़ी मात्रा में शराब की आवाजाही शुरू हो गई थी. तब जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला आदि जिलों से तस्करी में माहिर महिलाओं को लाया जाता था.

ये गिरफ्तारी से भी नहीं डरती और जमानत के बाद तुरंत ही दोबारा शराब तस्करी में लग जाती है. इसमें कोई दोराय नहीं कि सीआईबी द्वारा गिरफ्तार महिलाओं में किसी पर पुराना दर्ज मामला सामने आ जाये लेकिन जबलपुर की इन महिलाओं द्वारा नागपुर स्टेशन से शराब तस्करी आरपीएफ के लिए कान खड़े करने वाली घटना है. साफ है कि एक बार फिर नागपुर स्टेशन के जरिये शराब तस्करी शुरू हो चुकी है.

Navbharat Live
navbharatlive.com