वॉक पर निकले और वाहन ने उड़ाया, सड़क दुर्घटनाओं में 2 की मौत

Road Accident
Published on: 
Updated on: 

नागपुर. एमआईडीसी और वाड़ी थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 2 लोगों की मौत हो गई. एमआईडीसी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति घर से मॉर्निंग वॉक पर निकले. इसी दौरान अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी और फरार हो गया. जख्मी की उपचार मिलने से पहले ही मौत हो गई. मृतक वानाडोंगरी निवासी लक्ष्मण किसनराव ढगे (52) बताया गया.

लक्ष्मण रोज की तरह सुबह 5.30 बजे के दौरान सुबह की सैर करने निकले थे. घर के समीप मातोश्री विद्यालय के पास अज्ञात वाहन चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया. स्थानीय नागरिकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. एमआईडीसी पुलिस और लक्ष्मण के परिजन मौके पर पहुंचे. उन्हें उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने लक्ष्मण के बेटे रवि की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. 

बाइक सवार की हुई मौत 

वाड़ी थाना क्षेत्र में भी दुर्घटना का शिकार हुए एक बाइक सवार की उपचार के दौरान मौत हो गई. मृतक माहुरझरी, काटोल निवासी गुणवंत नामदेवराव जांभुले (57) बताया गया. रविवार की शाम 7 बजे के दौरान गुणवंत अपनी मोटरसाइकिल क्र. एमएच-31/एजेड-4180 पर हिंगना से घर लौट रहे थे. वाड़ी के लावा गांव के पास अज्ञात वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया.

बुरी तरह जख्मी गुणवंत को उपचार के लिए मेडिकल के ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया. सोमवार को डॉक्टर ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने उनके बेटे दुर्गेश जांभुले की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. 

Navbharat Live
navbharatlive.com