गडकरी के खिलाफ मैदान में विकास ठाकरे, शहर कांग्रेस कमेटी ने दिल्ली भेजा नाम

Vikas Thakre and Nitin Gadkari
विकास ठाकरे-नितिन गडकरी (फाइल फोटो)
Updated on

नागपुर. बीजेपी के वजनदार नेता व 2 बार सांसद चुने गए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी के खिलाफ नागपुर लोकसभा सीट से पश्चिम नागपुर के कांग्रेस विधायक विकास ठाकरे मैदान में होंगे. शहर कांग्रेस कमेटी ने एकमत से निर्णय लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को उनका नाम उम्मीदवार के रूप में भेज दिया है. पूर्व केन्द्रीय मंत्री विलासराव मुत्तेमवार के निवास पर शहर के वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं की बैठक हुई जिसमें एकमत से विकास ठाकरे को इस सीट से उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया गया.

इस बैठक में विकास ठाकरे, विलासराव मुत्तेमवार, सतीश चतुर्वेदी, नितिन राऊत, अभिजीत वंजारी, विशाल मुत्तेमवार, अतुल कोटेचा सहित अन्य नेता उपस्थित थे. बैठक के बाद विलासराव मुत्तेमवार ने इसकी पुष्टि की कि सभी एक नाम पर सहमत हुए हैं. विकास ठाकरे ने भी बैठक में वरिष्ठों द्वारा लिया गया निर्णय मान्य करने की बात कही. हाईकमान से नाम फाइनल हुआ तो इस सीट पर गडकरी के खिलाफ विकास की लड़ाई होगी.

पार्टी का नहीं मतदाताओं का गढ़

विकास ठाकरे पश्चिम नागपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं. बीते विस चुनाव में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सुधाकर देशमुख को पराजित कर बीजेपी से यह सीट छीनी थी. उन्होंने कुछ महीने पूर्व लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार किया था. फिर उनके भाजपा के पाले में जाने की भी चर्चा शुरू हो गई थी लेकिन अब अगर दिल्ली शहर कांग्रेस कमेटी का प्रस्ताव मान लेती है तो उनका गडकरी के खिलाफ मैदान में उतरना पक्का हो जाएगा.

बीते चुनाव में गडकरी के खिलाफ नाना पटोले थे जिन्होंने उनकी जीत का अंतर कम किया था. ठाकरे के समर्थकों का कहना है कि अगर कांग्रेस ने एकजुटता दिखाई तो इस बार टक्कर चुनौती भरी होगी. वैसे भी कुछ दिन पूर्व ठाकरे ने कहा था कि कोई भी सीट किसी पार्टी का गढ़ नहीं होती, वह मतदाताओं का गढ़ होता है. कांग्रेस से विलासराव मुत्तेमवार यहां से लगातार चुनाव जीते हैं. उसके बाद बीजेपी पिछले 2 चुनाव जीती है. मतदाताओं का मन बदलता रहता है. उन्होंने कहा कि मतों का विभाजन नहीं होगा. 

केदार ने किया था प्रफुल्ल का नाम आगे

मंगलवार को हुई कांग्रेस नेताओं की बैठक में पूर्व मंत्री सुनील केदार उपस्थित नहीं थे. केदार गुट की ओर से नागपुर सीट के लिए प्रफुल्ल गुडधे पाटिल का नाम आगे किया गया था. विकास ठाकरे का नाम भेजे जाने की खबर वायरल होने के बाद से सोशल मीडिया में अभिजीत वंजारी के समर्थक उन्हें ही सबसे समर्थ उम्मीदवार बता रहे हैं तो युवक कांग्रेस बंटी शेलके के समर्थक उन्हें टिकट देने की मांग कर रहे हैं लेकिन कांग्रेस के तीनों गुट के नेताओं ने ठाकरे का नाम फाइनल कर भेजा है और यह तय माना जा रहा है कि इस बार गडकरी को टक्कर देने के लिए विकास मैदान में नजर आएंगे.

Navbharat Live
navbharatlive.com