

Highlights
विदर्भ रणजी ट्रॉफी के नए सीजन का पहला मुकाबला पुडुचेरी के खिलाफ खेलेगी।
मैच वीसीए जामठा स्टेडियम में रविवार से शुरू होने वाला चार दिवसीय मुकाबला है।
कप्तान अक्षय वाडकर को टीम के संतुलन पर भरोसा है।
विदर्भ तीन तेज गेंदबाजों और दो स्पिनरों के संयोजन के साथ उतरने की तैयारी में है।
2024 में विदर्भ ने पुडुचेरी को 120 रन से हराया था।
Ranji Trophy 2026: रणजी ट्रॉफी के नए सीजन में विदर्भ टीम अपने अभियान का आगाज जीत के साथ करने के इरादे से मैदान पर उत्तरेगी। रविवार से वीसीए जामठा स्टेडियम में पुडुचेरी के खिलाफ शुरू होने वाले चार दिवसीय मुकाबले में विदर्भका पलड़ा मजबूत माना जा रहा है।
घरेलू मैदान, अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी और संतुलित गेंदबाजी आक्रमण टीम की ताकत होंगे। कप्तान अक्षय वाडकर के लिए यह मुकाबला केवल जीत दर्ज करने का नहीं, बल्कि पूरे सीजन के लिए मजबूत लय तैयार करने का भी अवसर है।
विदर्भ ने 2024 में पुडुचेरी के खिलाफ मुकाबले में 120 रन से जीत हासिल की थी। इस बार भी टीम की कोशिश पूरे अंक हासिल करने की होगी। सीजन का पहला मुकाबला जीतने से टीम को आगे के मैचों के लिए आत्मविश्वास भी मिलेगा।
रणजी ट्रॉफी के नए सीजन में विदर्भ टीम की रणनीति में तेज गेंदबाजों और स्पिनरों का संतुलित इस्तेमाल अहम रहेगा। हर्ष दुबे की अगुआई में स्पिन गेंदबाजी इकाई विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बना सकती है, जबकि नचिकेत भूते और प्रफुल्ल हिंगे जैसे तेज गेंदबाजों से भी महत्वपूर्ण योगदान की उम्मीद होगी।
बल्लेबाजी में अमन मोखाड़े, यश राठौड़, आर समर्थ, दानिश मालेवार को जिम्मेदारी निभानी होगी। चार दिवसीय मुकाबले में शुरुआती विकेट बचाना, बड़ी साझेदारियां करना और पहली पारी में बढ़त हासिल करना निर्णायक साबित हो सकता है।
अक्षय वाडकर का मानना है कि विदर्भ की टीम किसी भी स्थिति में मुकाबले में वापसी करने की क्षमता रखती है। उनका जोर अच्छा क्रिकेट खेलने और अवसर मिलने पर विपक्षी टीम पर दबाव बढ़ाने पर है।
कप्तान अक्षय वाडकर को इस बार टीम के संतुलन पर पूरा भरोसा है। हर्ष दुबे, यश राठौड, नचिकेत भूते और प्रफुल्ल हिंगे जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी से
टीम को मजबूती मिलेगी। इन खिलाड़ियों के हालिया प्रदर्शन और उच्च स्तर पर खेलने के अनुभव का फायदा विदर्भ को मिल सकता है। हालांकि खिलाड़ियों की उपलब्धता पूरे सीजन में एक जैसी नहीं रहेगी, यश राठौड़ पहले मुकाबले के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने के लिए रवाना होंगे।
ऐसे में दूसरे मुकाबले से अन्य बल्लेबाजों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा, चाडकर के मुताबिक, टीम 3 तेज गेंदबाजों और 2 स्पिनरों के संयोजन के साथ उतरने की योजना बना रही है। कप्तान सहित 6 बल्लेबाजों को जिम्मेदारी देने की रणनीति टीम के संतुलन को दर्शाती है।