दस्ते की दस्तक से मची खलबली, धरमपेठ जोन के कई हिस्सों में अतिक्रमण हटाया

Encroachment in Nagpur
File Photo
Updated on

नागपुर. सोमवार की दोपहर धरमपेठ जोन अंतर्गत कई इलाकों में उस समय अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई जब प्रवर्तन विभाग ने इन इलाकों में दस्तक देते ही सामान जब्त करना शुरू कर दिया. प्रवर्तन विभाग ने रविनगर चौक से कार्रवाई की शुरुआत की. कॉलेज आदि पूरी तरह से खुल जाने के कारण इस चौराहे के चारों ओर खानपान के ठेले सड़कों के किनारे ही लगे हुए थे. दस्ते ने पहुंचते ही यहां पर कड़ी कार्रवाई कर 2 ट्रक सामान जब्त कर फुटपाथ से अतिक्रमण का सफाया कर दिया. इसके बाद दस्ता हाई कोर्ट के सामने पहुंचा. हाई कोर्ट के सामने की सड़क पर कई ठेले वाले अतिक्रमण कर व्यवसाय कर रहे थे. दस्ते ने यहां से 4 ठेले जब्त कर लिए.

इसी तरह से दस्ता रामगिरी के सामने पहुंचा जहां सड़कों के किनारे अतिक्रमण होने की शिकायत मनपा को की गई थी. दस्ते के पहुंचते ही ठेले लेकर अतिक्रमणकारी भागने लगे किंतु दस्ते ने कड़ा रुख अपनाते हुए यहां से भी 2 ठेले जब्त कर लिए. अलंकार टाकीज चौक के पास नर्सरी वालों ने फुटपाथ पर ही सामान फैलाकर रखा था.

कई बार इन्हें अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी. यहां तक कि सामान जब्त होने के संकेत भी दिए थे. सोमवार को दस्ते ने पुन: अतिक्रमण देखते ही नर्सरी का पूरा सामान जब्त कर लिया. इस तरह पूरी कार्रवाई में 5 ट्रक सामान जब्त किया गया. कार्रवाई में प्रवर्तन विभाग प्रमुख अशोक पाटिल, प्रवर्तन निरीक्षक संजय कांबले के मार्गदर्शन में टीमों ने हिस्सा लिया.

अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

प्रवर्तन विभाग की अन्य टीम ने नेहरूनगर जोन अंतर्गत कार्रवाई की. दिघोरी चौक पर सम्पत्तिधारक सचिन जुमडे ने अवैध रूप से निर्माण कार्य किया हुआ था. जोनल कार्यालय की ओर से अनधिकृत निर्माण के लिए महाराष्ट्र प्रादेशिक नियोजन व नगर रचना अधिनियम के अनुसार सम्पत्तिधारक को नोटिस जारी किया था. नोटिस में समय देकर स्वयं अनधिकृत निर्माण तोड़ने की हिदायत दी थी लेकिन सम्पत्तिधारक ने  अनधिकृत निर्माण नहीं हटाया. सोमवार को जैसे ही दस्ता पहुंचा, सम्पत्तिधारक की ओर से कुछ समय देने की गुहार लगाई गई किंतु पहले ही काफी समय दिए जाने का हवाला देते हुए दस्ते ने अनधिकृत निर्माण पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया. कार्रवाई के दौरान पहली मंजिर पर के 20 बाय 30 के रूम तोड़े गए. 

वैरायटी चौक पर कार्रवाई

प्रवर्तन विभाग की ओर से वैरायटी चौक पर भी कार्रवाई कर अतिक्रमणों का सफाया किया गया. हालांकि चौराहे पर चप्पल और जूते की दूकानें लगाकर भारी अतिक्रमण फैला हुआ था लेकिन दस्ते के आने की भनक लगते ही कई अतिक्रमणकारी सामान लेकर गायब हो गए. इसी बीच दस्ते ने पहुंचकर अन्य बचे अतिक्रमणकारियों का सफाया कर दिया. प्रवर्तन विभाग के अनुसार अतिक्रमणकारियों के कारण यहां पर नियमित रूप से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है जिससे समय-समय पर यहां कार्रवाई की जा रही है. हालांकि सोमवार को जब्ती कार्रवाई तो नहीं हुई लेकिन पुन: अतिक्रमण पाए जाने पर सामान जब्त करने की चेतावनी दी गई.

Navbharat Live
navbharatlive.com