सगे भाई को मौत के घाट उतारा, संपत्ति को लेकर हुआ विवाद

Mumbai Murder
प्रतीकात्मक तस्वीर
Published on: 
Updated on: 

नागपुर. संपत्ति को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने सगे भाई को मौत के घाट उतार दिया. यह घटना यशोधरानगर थानांतर्गत वांजरा परिसर में हुई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मृतक डोबीनगर, मोमिनपुरा निवासी मोहम्मद आरिफ अब्दुल हक अंसारी (48) बताया गया. आरोपी का छोटा भाई आबू दाउद अब्दुल हक अंसारी (31) बताया गया.

आबू बीदर (कर्नाटक) में कपड़े का व्यवसाय करता है और लंबे समय से वहीं रहता है. आरिफ और मंझला भाई भी कपड़े का व्यवसाय करते हैं और नागपुर में दूकान है. तीनों भाइयों ने मिलकर वांजरा में 1500 वर्ग फुट का प्लॉट खरीदा था. इसके बाद आबू बीदर में व्यवसाय करने चला गया. आरिफ ने मंझले भाई के साथ मिलकर प्लॉट पर मकान बनाने का काम शुरू कर दिया. आबू को इसकी जानकारी मिली. उसने आरिफ को फोन किया और कहा कि प्लॉट खरीदने के लिए मैंने भी पैसे दिए थे. इसलिए मेरे लिए भी कमरे बनवाओ.

आरिफ ने उसे कहा कि तेरी शादी नहीं हुई है. तु बीदर में रहते हो. नागपुर में कमरे बनवाकर क्या करेगा. आरिफ का जवाब सुनकर आबू को गुस्सा आ गया और दोनों का विवाद शुरू हो गया. रविवार की सुबह आबू ट्रेन से नागपुर पहुंचा. दोपहर 3 बजे के दौरान वह प्लॉट पर गया. आरिफ और उनके 2 बच्चे निर्माणाधीन इमारत पर ही मौजूद थे. दोनों का विवाद हो गया और आबू ने चाकू निकालकर आरिफ पर हमला कर दिया. लगातार कई वार करके आरिफ को मौत के घाट उतार दिया.

स्थानीय नागरिकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. खबर मिलते ही यशोधरानगर पुलिस मौके पर पहुंची. पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेज दिया और आबू की तलाश शुरू की गई. घटना स्थल से कुछ दूरी पर ही पुलिस को आबू दिखाई दिया. हाथ और शरीर पर खून के दाग लगे थे. पुलिस पूछताछ करती, इससे पहले आबू ने ही बता दिया कि आप जिसे ढूंढ रहे वह मैं ही हूं. मैंने ही अपने भाई का मर्डर किया और थाने ही आ रहा था. आबू को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया गया. सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा.

Navbharat Live
navbharatlive.com