

रायपुर/नागपुर. रायपुर पुलिस ने महादेव एप के 2 पैनल से जुड़े नागपुर के 11 सटोरियों को गिरफ्तार कर 300 से अधिक बैंक खातों के जरिए ऑनलाइन सट्टे के करोड़ों का लेन-देन का पर्दाफाश किया है. महादेव एप के नाम पर ये आरोपी ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर लोगों को चूना लगा रहे थे. इस मामले में अब तक 3 सीए को भी गिरफ्तार किया जा चुका है. अंतरराज्यीय गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े हैं. आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके अन्य साथी नागपुर से ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे हैं.
ये आरोपी लोगों को लोन दिलाने सहित अनेक लुभावनी स्कीम बताकर उनसे आसानी से दस्तावेज ले लेते थे. फिर उस दस्तावेज का इस्तेमाल बैंक में खाता खुलवाने में करते थे. नागपुर आरोपियों के पास 30 मोबाइल, 2 लैपटॉप, विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड, अलग-अलग बैंकों की 2 पासबुक, 38 नग चेकबुक और 38 एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं, जबकि पकड़े गए कुल 15 सटोरियों से नकद 14,44,000, 21 मोबाइल, 5 पासबुक, 12 एटीएम कार्ड, 12 चेक बुक, 3 लैपटॉप, 2 कम्प्यूटर सिस्टम और 3 डायरियां जब्त की गयी हैं. पुलिस टीम ने नागपुर पहुंचकर महादेव एप से जुड़े प्रथम मूलचंदानी, काली केवलानी, हितेश दलवानी, प्रकाश आहूजा, अंकित पाण्डेय, जितेंद्र साहू, आकाश ठाकुर, राहुल शुक्ला, आयुष जैन, प्रदीप पटेल, राम लालवानी को गिरफ्तार किया है.