

Nagpur Property Tax Collection Drive: नागपुर शहर में बकाया संपत्ति कर वसूली के लिए एक व्यापक और सघन अभियान शुरू कर दिया है, जिसमें शुरुआती दौर में कुछ सफलता मिलती दिखाई दे रही है। इसी क्रम में सोमवार को मिहान इंडिया लिमिटेड के सीएमडी डॉ। विपिन इटनकर ने मनपा को 5 करोड़ रुपये के बकाया का चेक सौंप दिया। यह विशेष वसूली अभियान 30 सितंबर तक जारी रहेगा।
महापौर नीता ठाकरे के स्पष्ट निर्देशों और आयुक्त के मार्गदर्शन में इस अभियान की शुरुआत की गई है। मनपा के अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम इस अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से बकाया संपत्ति कर के रूप में कुल 1,000 करोड़ रुपये वसूलने का एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सोमवार को महापौर नीता ठाकरे ने स्वयं संपत्ति कर वसूली की प्रगति की गहन समीक्षा की।
बड़े बकायेदारों पर शिकंजा, लाखों-करोड़ों की वसूली शहर में बड़े बकाया करो को प्राथमिकता के आधार पर वसूलने के लिए एक विशेष रणनीति अपनाई गई है। मनपा की ओर से की गई सख्त कार्रवाई के बाद बड़े डिफाल्टरों से भारी भरकम राशि प्राप्त हुई है। इस अभियान के तहत अब तक मिहान इंडिया लिमिटेड/महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये, मुर्रे मेमोरियल अस्पताल से 74.88 लाख रुपये, होटल सेवन से 10 लाख रुपये की संपत्ति कर वसूली की गई है।
कर संग्रहकर्ता प्रत्येक जोन में बकायेदारों के पास जाकर सीधे बकाया राशि की वसूली कर रहे है। आयुक्त डॉ। विपिन इटनकर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे प्रभावी और शीघ्र वसूली सुनिश्चित करें।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कमर्शियल संपत्तियों और उन संपत्तियों को विशेष प्राथमिकता दी जाए जिन पर भारी टैक्स बकाया है। इन आदेशों के तहत कर वसूली दल भारी बकाया वाली संपत्तियों का निरीक्षण कर रहे है और नियमों के अनुसार नोटिस जारी करने के साथ-साथ जब्ती और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी कर रहे हैं, नागपुर मनपा ने चेतावनी दी है कि टैक्स न चुकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और मनपा के नियमों के तहत उन्हें मिलने वाली नागरिक सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।