गंगा-जमुना में पुलिस का कॉम्बिंग ऑपरेशन, 3 बिल्डिंगों पर छापा, 32 युवतियां मिलीं

Ganga Jamuna, nagpur
File Photo
Published on
Updated on

नागपुर. गंगा-जमुना परिसर में देह व्यवसाय दोबारा पनपने और नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाए रखने की जानकारी मिलने पर सीपी अमितेश कुमार ने मंगलवार को पूरे परिसर में कोंबिंग ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए. डीसीपी जोन-3 गोरख भामरे के नेतृत्व में भारी बंदोबस्त के साथ पुलिस परिसर में दाखिल हुई. अचानक पुलिस की छापेमारी शुरू होने से परिसर में हड़कंप मच गया. सेक्स रैकेट चलाने वाली महिलाओं ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए.

पुलिस ने 3 बिल्डिंगों का चप्पा-चप्पा छान मारा. 32 युवतियां देह व्यवसाय में लिप्त मिलीं लेकिन कोई नाबालिग लड़की पुलिस के हाथ नहीं लगी. पुलिस को जानकारी मिली थी कि परिसर में दोबारा गतिविधियां तेज हो गई हैं. अन्य राज्यों से नाबालिग लड़कियों को लाकर बंधक बनाया गया है. उनसे जबरन देह व्यवसाय करवाया जा रहा है.

मंगलवार की दोपहर 12 बजे के दौरान पुलिस ने परिसर में छापा मारा. पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए महिलाओं ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए. महिला पुलिसकर्मियों की मदद से सभी मकान खुलवाए गए. यहां मिलीं 32 युवतियों में से 3 ऐसी थीं जिन्हें पुलिस पहले रेस्क्यू कर चुकी है. उस समय तीनों नाबालिग थीं लेकिन अब बालिग हो गई हैं. सभी तहखानों की जांच की गई लेकिन नाबालिग लड़कियां नहीं मिलीं.

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com