चिंचोली में मंदिर और दरगाह सड़क निर्माण में भारी भ्रष्टाचार; उपसरपंच ने 10 लाख के कार्यों पर उठाए सवाल

पारशिवनी के चिंचोली गांव में मंदिर और दरगाह सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का मामला, उपसरपंच ने की शिकायत।
nagpur-138
Published on: 
Updated on: 

Nagpur News: पारशिवनी तहसील के सावली गट ग्राम पंचायत अंतर्गत चिंचोली गांव में हनुमान मंदिर और काबूल कंधार शरीफ परिसर में हुए निर्माण कार्यों में अनियमितता के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर उपसरपंच केतन सहारे ने उच्च अधिकारियों से जांच की मांग की है।

समाज भवन निर्माण पर सवाल

गांव में करीब 10 लाख रुपये की लागत से समाज भवन निर्माण का ठेका दिया गया था, जिसे हनुमान मंदिर परिसर में बनाया जाना था। आरोप है कि ठेकेदार ने निर्धारित 8 कॉलम के बजाय केवल 6 कॉलम के साथ निर्माण किया। साथ ही, स्थानीय नागरिकों से चंदा वसूली के भी आरोप लगाए गए हैं, जिससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ गया है।

सड़क निर्माण में भी अनियमितता

काबूल कंधार शरीफ परिसर में 10 लाख रुपये की लागत से बनाई गई सीमेंट सड़क में भी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे हैं। आरोप है कि पीसीसी (पॉलीसीमेंट कंक्रीट) का उपयोग नहीं किया गया और सड़क निर्माण के लिए दरगाह परिसर से लाल मुरूम का अवैध उत्खनन किया गया।

उच्चस्तरीय शिकायतें दर्ज

इस प्रकरण में उपसरपंच केतन सहारे ने श्यामकुमार बर्वे, आशिष जायसवाल, चंद्रशेखर बावनकुले सहित विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी, जिलाधिकारी नागपुर और अन्य अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों ने भी इस मुद्दे पर आवाज उठाते हुए आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में नियमों की अनदेखी कर गुणवत्ता से समझौता किया गया है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और कार्यों की पुनः जांच की मांग की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com