नागपुर को चमकाने की मुहिम, 21 जून तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, खुद मैदान में उतरीं महापौर

Nagpur Cleanliness: नागपुर मनपा द्वारा पर्यावरण संवर्धन पखवाड़े के तहत शहर के प्रमुख बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। महापौर नीता ठाकरे ने व्यापारियों से कपड़े की थैली अपनाने की अपील की।
Nagpur Municipal Corporation launched a massive cleanliness drive across major city markets, with Mayor Nita Thakre promoting waste segregation and cloth bags.
स्वच्छता अभियान (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Cleanliness Solid Waste Management: पर्यावरण संवर्धन पखवाड़े के तहत नागपुर महानगरपालिका द्वारा 5 से 21 जून तक शहरभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत गुरुवार को शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक परिसरों, मॉल और सब्जी मंडियों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। इस दौरान नागरिकों और व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ कचरे के उचित निपटान, कचरा पृथक्करण तथा प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े की थैलियों के उपयोग का संदेश भी दिया गया।

अभियान में महानगरपालिका के घन कचरा प्रबंधन विभाग के कर्मचारियों के अलावा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। शहर के सभी जोनों में स्थित प्रमुख बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। खामला मार्केट, बुधवार बाजार, महात्मा फुले मार्केट, इतवारी मार्केट, सक्करदरा मार्केट, कमाल चौक मार्केट और जरीपटका मार्केट सहित कई व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में सफाई कार्य किया गया।

महापौर नीता ठाकरे ने खामला मार्केट का दौरा कर अभियान का जायजा लिया और स्वयं भी सफाई कार्य में हिस्सा लिया। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से संवाद करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा कपड़े की थैलियों को अपनाने की अपील की। इस अवसर पर व्यापारी संघ के अध्यक्ष मोहन चावला सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।

नागपुर शहर के अन्य क्षेत्रों में भी स्वच्छता अभियान को उत्साहपूर्वक आगे बढ़ाया गया। गोकुलपेठ, नेताजी मार्केट, गांधी मार्केट और अन्य प्रमुख बाजारों में अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने मिलकर सफाई कार्य किया। बुधवार बाजार और सक्करदरा क्षेत्र में मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले के नेतृत्व में एनडीएस दस्ते ने विशेष अभियान चलाया। वहीं धंतोली जोन के महात्मा फुले कॉटन मार्केट तथा गांधीबाग जोन के महाल मार्केट, गांधीबाग कपड़ा बाजार और संतरा मार्केट में भी सफाई अभियान आयोजित किया गया।

नागपुर मनपा प्रशासन का कहना है कि पर्यावरण संवर्धन पखवाड़े के दौरान शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। नागरिकों की भागीदारी से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने और कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन करने की अपील की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com