कामठी, हिंगना और बूटीबोरी तक पहुंचेगी मेट्रो! नितिन गडकरी ने खोला भविष्य की कनेक्टिविटी का पिटारा

Nitin Gadkari Nagpur Rally: नितिन गडकरी ने नागपुर के लिए विकास की 'पूरी फिल्म' का वादा किया। 135 सीटों वाली AC रिंग रोड बसों, कामठी तक मेट्रो और कचरे से बायोगैस बनाने वाले प्लांट की योजनाएं है।
Nitin Gadkari promises a 'Full Movie' of development for Nagpur.
नितिन गडकरी (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

NMC Election: केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भाजपा उम्मीदवारों के लिए आयोजित चुनाव प्रचार सभा में कहा कि बीते 10 वर्षों में नागपुर ने ‘विकास कार्यों’ का ट्रेलर देखा है। अभी विकास की फिल्म भी पूरी करनी है। इसलिए मनपा चुनाव में भाजपा व महायुति के उम्मीदवारों को अपना आशीर्वाद देकर प्रचंड मतों से विजयी बनाएं।

उन्होंने दक्षिण नागपुर के अमर नगर, अयोध्यानगर पोस्ट ऑफिस चौक और मध्य नागपुर के सीनियर भोसला पैलेस महल की सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आपके ही आशीर्वाद से हमें कार्य करने का अवसर मिला जिसके चलते नागपुर सिटी अब हेल्थ व एजुकेशन हब बन गया है।

यहां के बच्चों को अब पुणे, मुंबई पढ़ने के लिए नहीं जाना पड़ता। इंजीनियरिंग, मेडिकल कॉलेज सहित सिम्बायोसिस लाए हैं। गडकरी ने पार्टी उम्मीदवार नागेश मानकर, मनीषा धनकर, मंगला खेकरे, बाबाराव तायडे को कमल का बटन दबाकर जीत दिलाने की अपील की।

कामठी तक बढ़ा रहे मेट्रो

नितिन गडकरी ने कहा कि मेट्रो रेल का विस्तार किया जा रहा है। कामठी, हिंगना, बूटीबोरी तक यह सुविधा बढ़ेगी। ई-बसें चल रही हैं। उन्होंने कहा कि मेट्रो रेल को फीडर बसों से जोड़ने के लिए वे संसद में एक बिल पास कराने वाले हैं। अब तक केवल शहरों में मनपा को ही सिटी बस चलाने का अधिकार है। यह अधिकार मेट्रो को दिया जाएगा ताकि नागरिकों को उनके घर से स्टेशन तक परिवहन सुविधा मिले। रिंग रोड पर 135 सीटर एसी बस चलाने का प्रकल्प है। इसमें सारी सुविधाएं एरोप्लेन जैसी होंगी। उन्होंने बताया कि कचरे से 28 टन प्रतिदिन बायोगैस तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिटी के नागिरकों का सुखांक बढ़ना चाहिए। इसलिए उत्तम स्वास्थ सेवा, अच्छी सड़कें, शुद्ध पानी, रोजगार, खेल के मैदान, उद्यान, सर्वसुविधायुक्त मार्केट्स विकसित किए जाएंगे। क्रीड़ा व सांस्कृतिक महोत्सव की जानकारी भी उन्होंने दी।

मनपा में कार्य सबसे कठिन

गडकरी ने कहा कि मनपा में कार्य करना यानी नगरसेवक का काम सबसे कठिन है। सीधे पब्लिक से कनेक्ट होता है और प्रशासन के पास जाओ तो कार्य का बजट नहीं होता। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के कारण ही किसी समय का 22 हजार रुपयों का प्लॉट आज 6 करोड़ का हो गया है। अभी जो कार्य हुए वह ट्रेलर है, असली फिल्म शुरू होना बाकी है।

यह फिल्म आपके आशीर्वाद से ही पूरा होगी। आपके आशीर्वाद से ही देश की सेवा कर सका क्योंकि आपने मुझे अपने वोटों से सांसद बनाया, मंत्री बना। बदलते नागपुर को और आगे ले जाना है। अनेक कार्य अभी भी करने हैं। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को विजयी बनाएं, हम आपकी आशा-आकांक्षाओं को पूरा करने का भरपूर प्रयास करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह आपकी असली परीक्षा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com