अजित पवार की NCP करेगी निकाय चुनावों पर मंथन, नागपुर में 19 को भव्य चिंतन शिवर

NCP Chintan Shivir: निकाय चुनावों से पहले अजीत पवार के नेतृत्व में राकांपा का चिंतन शिविर 19 सितंबर को नागपुर में होगा। संगठनात्मक विस्तार और भविष्य की रणनीति पर चर्चा होगी।
ajit pawar
उपमुख्यमंत्री अजित पवार (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur News: दिवाली बाद संभावित निकाय चुनावों की पृष्ठभूमि में उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की राकां में चिंतन बैठकों का दौर शुरू हो गया है। राकां (अजीत पवार) पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे ने शुक्रवार को पत्रकार परिषद में बताया कि 19 सितंबर 2025 को नागपुर में चिंतन शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंत्री, पूर्व एवं वर्तमान विधायक तथा सांसद, सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष, सभी जिलाध्यक्ष तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नेता शामिल होंगे।

राज्य राकांपा अध्यक्ष सुनील तटकरे ने शुक्रवार को कहा कि ‘राष्ट्रवादी चिंतन शिविर' नामक यह मंथन सत्र राष्ट्रीय स्तर पर आत्ममंथन और रणनीति तय करने का कार्यक्रम होगा। इसमें संगठनात्मक बदलाव और भविष्य में समर्थन आधार बढ़ाने के लिए अहम कदमों पर विचार किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के विस्तार की रूपरेखा तय करना और जमीनी स्तर से संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना है। यह शिविर ऐसे समय में आयोजित हो रहा है जब महाराष्ट्र में मराठा-ओबीसी आरक्षण को लेकर खींचतान चल रही है और राजनीतिक दल ग्रामीण एवं शहरी निकाय चुनावों की तैयारी कर रहे हैं, जिनमें बृहमुंबई नगर निगम का चुनाव भी शामिल है। पार्टी अपने सहयोगियों के साथ सत्ता में दो साल से अधिक समय पूरा कर चुकी है। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिवसेना के साथ महायुति गठबंधन का हिस्सा है।

दो दशकों के लिए तैयारी

तटकरे ने कहा कि यह एक आम बैठक नहीं है, बल्कि एक सशक्त संदेश है। लंबे समय बाद हमारी पार्टी इतना बड़ा और सार्थक चिंतन शिविर आयोजित कर रही है। अजीत पवार के नेतृत्व में राकांपा भविष्य की तैयारी कर रही है। यह तैयारी सिर्फ अगले चुनाव के लिए नहीं, बल्कि अगले दो दशकों के लिए है। रायगढ़ से लोकसभा सांसद तटकरे ने कहा कि यह चिंतन शिविर हमारे विधायक, सांसद, वरिष्ठ नेता, युवा प्रतिनिधि और देशभर के चिंतकों को एक साथ लाएगा। हम इस पर चर्चा करेंगे कि हर घर, हर गांव और हर मतदाता तक सिर्फ नारों से नहीं, बल्कि ठोस काम के जरिए कैसे पहुंचा जाए।

तय करेंगे राज्यव्यापी नीति

तटकरे ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य एक मूल्याधारित लेकिन आधुनिक आवश्यकताओं का उत्तर देने वाली भविष्य की राकां का निर्माण करना है। यह केवल एक शिविर नहीं बल्कि महाराष्ट्र और देश के राजनीतिक भविष्य को दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो राष्ट्रवादी कांग्रेस की राजनीतिक यात्रा में ऐतिहासिक साबित होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि इस चिंतन शिविर में जो राज्यव्यापी नीति तय की जाएगी, उसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। पत्रकार परिषद में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कोषाध्यक्ष विधायक शिवाजीराव गर्जे, प्रदेश प्रवक्ता संजय तटकरे, मुंबई कार्याध्यक्ष सिद्धार्थ कांबले तथा प्रदेश महासचिव लतीफ तांबोली उपस्थित थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com