Nagpur Violence: VHP और बजरंग दल के खिलाफ FIR दर्ज, धार्मिक भावनाएं आहत करने के लगाया गया आरोप

औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कुछ पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
Nagpur Violence: VHP और बजरंग दल के खिलाफ FIR दर्ज, धार्मिक भावनाएं आहत करने के लगाया गया आरोप
नागपुर में सोमवार को हुई थी हिंसा (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में मुगल बादशाह औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद हिंसा भड़क गई। इस हिंसा में कई घरों और प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की गई साथ ही कुछ वाहनों में आगजनी भी की गई। इस दौरान पुलिस पर भी हमला किया। अब इस मामले में बड़ी जानकारी सामने आ रही है।

औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कुछ पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि गणेशपेठ थाने में महाराष्ट्र और गोवा के विहिप प्रभारी सचिव गोविंद शेंडे व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

महल इलाके में हुई थी हिंसा

मध्य नागपुर के महल इलाके के चिटनिस पार्क में सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे हिंसा भड़क उठी। पुलिस पर पथराव किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बल शहर में 11 अति संवेदनशील स्थानों पर गश्त कर रहे हैं और पूरे शहर में नाकाबंदी की गई है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में यह अफवाह फैली कि छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित औरंगजेब की कब्र को हटाने की मांग को लेकर विहिप के आंदोलन के दौरान एक समुदाय के धर्म ग्रंथ को जला दिया गया। उन्होंने बताया कि आंदोलन के बाद प्रदर्शनकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी, जिसमें एक समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया।

विहिप और बजरंग दल पर प्राथमिकी दर्ज

गणेशपेठ थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी में अमोल ठाकरे, डॉ. महाजन, तयानी, रजत पुरी, सुशील, वृषभ अर्खेल, शुभम और मुकेश बारापात्रे के नाम भी शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात को शहर में हिंसा भड़कने के बाद पुलिस ने मंगलवार तड़के करीब 4.30 बजे कर्फ्यू लगा दिया। उन्होंने बताया कि कोतवाली, गणेशपेठ और लकड़गंज सहित कई इलाकों में कर्फ्यू लागू है, जहां केवल आवश्यक आवाजाही की अनुमति है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com