

NEET Paper Leak Protest: राजधानी दिल्ली में सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन और नीट परीक्षा के पेपर लीक के विरोध में नागपुर शहर के संविधान चौक पर 'जेन जी' और युवाओं का आक्रोश फूट पड़ा। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।
दिल्ली में संसद घेराव के आह्वान के तहत देशभर से पहुंचे युवाओं के समर्थन में यहां संविधान चौक पर हजारों की संख्या में युवा और छात्र जुटे। 'कुर्सी खाली करो' का नारा देते हुए उन्होंने देश की शिक्षा प्रणाली में सुधार और युवाओं के भविष्य को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की।
नमन नाम के एक युवक ने प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरे के दौरान पार्ले की 'मेलोडी' चॉकलेट पर बनी रील का जिक्र करते हुए 'मेलोडी खाओ, मोदी जानो' की तर्ज पर लोगों को मेलोडी चॉकलेट बांटी।
नागपुर, अनशन कर रहे पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक और अभिजीत दिपके के समर्थन में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) आक्रामक हो गई। संविधान चौक पर शिवसैनिकों ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया, प्रदर्शन के दौरान पदाधिकारियों ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 'देश में नरेंद्र, राज्य में देवेंद्र और पेपर लीक के लिए धर्मेंद्र।
शिवसेना महानगर प्रमुख किशोर कुमेरिया ने कहा कि इतिहास गवाह है कि देश युवाओं ने ही गढ़ा है। उन्होंने सोनम वांगचुक और अभिजीत दिपके को जबरन उठाने की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए नागपुर में युवाओं के इस संघर्ष को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया।
इस आंदोलन में महानगर प्रमुख किशोर कुमेरिया, नितिन सोलंके, पुरुषोत्तम कांदीकर, महेंद्र कठोरे, पंकज अहिरराव, प्रवीण अहिरराव, स्वप्निल जैन, दीपक पुणेकर, अनिल परारे उपस्थित रहे।